रविवार को बंद था बैंक, फिर अचानक निकलने लगा धुआं; गोरखपुर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग

गोरखपुर के उरुवा कस्बे में रविवार सुबह उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की शाखा में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। बैंक से धुआं निकलता देखकर आसपास के लोगों ने शाखा प्रबंधक को सूचना दी। दमकल की टीम ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। आग में एक केबिन का कीबोर्ड और CCTV कैमरा जल गया।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 13 September 2026, 2:40 PM IST

Gorakhpur: गोरखपुर के उरुवा कस्बे में रविवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब श्री कॉम्प्लेक्स में स्थित उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की शाखा से अचानक धुआं निकलने लगा। आसपास के लोगों ने बैंक से धुआं उठता देखा तो तुरंत शाखा प्रबंधक और पुलिस को सूचना दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक बैंक के एक केबिन में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी। गनीमत रही कि रविवार का अवकाश होने के कारण बैंक बंद था।

सुबह बैंक से निकलता दिखा धुआं

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रविवार सुबह करीब आठ बजे श्री कॉम्प्लेक्स स्थित बैंक के कमरे से धुआं निकलता दिखाई दिया। देखते ही देखते आसपास के लोगों की भीड़ जुटने लगी। बैंक के अंदर आग लगने की जानकारी मिलते ही लोगों ने इसकी सूचना शाखा प्रबंधक नवीन कुमार को दी। सूचना मिलते ही शाखा प्रबंधक ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को घटना की जानकारी दी। कुछ ही देर में दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंच गई।

17 सितंबर से गोरखपुर में शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, गांव से बूथ तक पहुंचेगी सरकार की योजनाएं; क्या है पूरा प्लान?

बैंक के केबिन में लगी थी आग

शाखा प्रबंधक के मुताबिक आग बैंक के उत्तरी किनारे स्थित एक केबिन में लगी थी। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट सामने आई है। शॉर्ट सर्किट के कारण केबिन में लगा कीबोर्ड जल गया। आग ने वहां लगे सीसीटीवी कैमरे को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग बुझाने के बाद बैंक के अंदर काफी धुआं फैल गया था। इसके कारण दीवारों और छत पर कालिख जम गई।

कैश चेस्ट और दस्तावेज सुरक्षित

आग लगने की घटना के बाद बैंक के कैश चेस्ट और जरूरी दस्तावेजों की भी जांच की गई। शाखा प्रबंधक नवीन कुमार ने बताया कि बैंक के अंदर रखा कैश चेस्ट पूरी तरह सुरक्षित है। इसके अलावा बैंक के महत्वपूर्ण दस्तावेजों को भी किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचा है। आग सिर्फ उत्तरी हिस्से के एक केबिन तक सीमित रही। वहां मौजूद कीबोर्ड और सीसीटीवी कैमरा ही आग की चपेट में आया।

नाबालिग से गंदी हरकत और फिर सोशल मीडिया पर ऑडियो वायरल, गोरखपुर पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी

रविवार की छुट्टी ने टाला बड़ा हादसा

इस घटना में सबसे बड़ी राहत यह रही कि रविवार को बैंक में अवकाश था। सामान्य दिनों में जिस समय बैंक में कर्मचारी और ग्राहक मौजूद रहते हैं, उस समय अगर इसी तरह की आग लगती तो स्थिति ज्यादा गंभीर हो सकती थी। बैंक बंद होने की वजह से किसी कर्मचारी या ग्राहक के अंदर फंसे होने का खतरा नहीं था। इसके अलावा आसपास के लोगों की सतर्कता और दमकल टीम के समय पर पहुंचने से आग को फैलने से रोक लिया गया।

तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

घटना की जानकारी मिलने के बाद गोला तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बैंक के अंदर जाकर स्थिति का जायजा लिया और आग से हुए नुकसान की जानकारी ली। अधिकारियों ने घटना के कारणों और नुकसान से संबंधित जानकारी जुटाई। फिलहाल शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है।

Location :  Gorakhpur

Published :  13 September 2026, 2:40 PM IST