Balrampur: रिसेप्शन में खूनी खेल, नाचने की जिद ने ली युवक की जान, जानें पूरा मामला

बलरामपुर के चमरवोझिया गांव में शादी के रिसेप्शन के दौरान स्टेज पर नाचने के विवाद में युवक की हत्या हो गई। इस हिंसक झड़प में कई लोग घायल हुए और पुलिस ने 15 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 29 April 2026, 11:13 AM IST

Balrampur: जिले के चमरवोझिया गांव में एक शादी का रिसेप्शन उस समय मातम में बदल गया, जब मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। पूर्व प्रधान ननके की बेटी की शादी के बाद आयोजित प्रीतिभोज में यह दर्दनाक घटना घटी, जिसने पूरे गांव को दहला दिया।

स्टेज डांस को लेकर शुरू हुआ विवाद

शादी समारोह में मनोरंजन के लिए आर्केस्ट्रा पार्टी बुलाई गई थी। रात करीब 12 बजे गांव का युवक कमलेश कुमार उत्साह में स्टेज पर चढ़कर डांस करने लगा। इसी बात को लेकर वहां मौजूद कुछ युवकों ने इसे अपनी प्रतिष्ठा का सवाल बना लिया और उसे नीचे उतारने की कोशिश की।

समझाने के बाद भी नहीं थमा विवाद

मौके पर मौजूद बुजुर्गों ने स्थिति को शांत कराया और कमलेश को घर भेज दिया, लेकिन रंजिश यहीं खत्म नहीं हुई। आरोप है कि समारोह समाप्त होने के बाद रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे दूसरे पक्ष ने कमलेश को घेर लिया और विवाद को हिंसक रूप दे दिया।

लाठी-डंडों से हमला, युवक की मौत

गाली-गलौज के बाद मामला इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडों से हमला शुरू हो गया। हमलावरों ने कमलेश को बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा। चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

बलरामपुर कचहरी में चुनावी रणभेरी: साख की जंग में दिग्गजों ने झोंकी ताकत, महामंत्री के लिए कड़ा मुकाबला

बीच-बचाव करने वाले भी घायल

इस हिंसक झड़प में मृतक के तीन भाई रोहित, सुरेश और मोहित भी गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष के भी तीन लोग चोटिल हुए हैं। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया और लोग दहशत में हैं।

पुलिस की कार्रवाई और केस दर्ज

मृतक के भाई सुरेश की शिकायत पर पुलिस ने 15 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है और मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है।

बलरामपुर में होमगार्ड भर्ती परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न, 78% अभ्यर्थियों ने दी लिखित परीक्षा

गांव में तनाव, पुलिस तैनात

घटना के बाद शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Location :  Balrampur

Published :  29 April 2026, 11:13 AM IST