
चोरी के शक में युवक की पीटकर हत्या (Img: Dynamite News)
Balrampur: चोरी की नीयत के एक मामूली संदेह ने उस वक्त खूनी रूप ले लिया, जब कुछ लोगों ने इंसानियत और कानून दोनों को दरकिनार कर एक युवक की जीवन लीला ही समाप्त कर दी। गैसड़ी इलाके में सामने आई इस दुसाहसिक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। हालांकि, घटना के बाद मुस्तैद हुई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की गुत्थी सुलझा ली है और इसमें शामिल मुख्य आरोपी के साथ एक नाबालिग को अपनी हिरासत में ले लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद कर लिया गया है।
दिल दहला देने वाली यह वारदात ठकुरापुर गांव के पास की है। विशुनपुर कला के रहने वाले रामसनेही जब गैसड़ी बाजार जा रहे थे, तभी रास्ते में ठकुरापुर के पास उन्हें घेर लिया गया। आरोपियों को अंदेशा था कि रामसनेही उनकी ढाबली में चोरी करने का प्रयास कर रहा था। इसी आक्रोश में आकर उन्होंने रामसनेही को पकड़ लिया और खंभे से बांध दिया। इसके बाद बेदर्दी से डंडों से उसकी जमकर पिटाई की गई। गंभीर रूप से घायल अवस्था में रामसनेही को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस की कई टीमों को आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगाया गया। बरूनी नाला क्षेत्र में मिली एक सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए ठकुरापुर निवासी अकबर अली और 14 वर्षीय एक किशोर को धर दबोचा।
Balrampur: तुलसीपुर की सियासत में आया नया मोड़, भानू तिवारी की एंट्री से किसका बिगड़ेगा खेल?
कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि चोरी के प्रयास से वे बेहद गुस्से में थे, जिसके चलते उन्होंने युवक को खंभे से बांधकर पीटा था। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए अदालत भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। इस त्वरित कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार पाण्डेय, उप-निरीक्षक गुलाबशाही और उनकी टीम की मुख्य भूमिका रही।
Location : Balrampur
Published : 13 August 2026, 4:06 PM IST