अब स्कूलों में नहीं चलेगी मनमानी! एक गलती और सीधे प्रिंसिपल पर होगी कार्रवाई

बलरामपुर में ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज न करने वाले माध्यमिक विद्यालयों पर प्रशासन सख्त हो गया है। डीआईओएस ने सभी विद्यालयों को अंतिम चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि छात्र-छात्राओं और स्टाफ की दैनिक ऑनलाइन उपस्थिति अनिवार्य रूप से दर्ज करें, अन्यथा संबंधित प्रधानाचार्य के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 12 July 2026, 11:15 AM IST

Balrampur: बलरामपुर जिले के माध्यमिक विद्यालयों में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों की दैनिक ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज न करने के मामले को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) मृदुला आनन्द ने जिले के सभी राजकीय, सहायता प्राप्त और स्व-वित्त पोषित इंटर कॉलेजों के प्रधानाचार्यों एवं प्रधानाध्यापकों को कड़े निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट कर दिया है कि ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कई स्कूल नहीं कर रहे थे नियमों का पालन

माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश द्वारा पहले ही सभी मान्यता प्राप्त विद्यालयों में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों की उपस्थिति ऑनलाइन पोर्टल या मोबाइल ऐप के माध्यम से दर्ज करना अनिवार्य किया जा चुका है। इसके बावजूद विभागीय समीक्षा में सामने आया कि बलरामपुर के कई विद्यालय नियमित रूप से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं कर रहे हैं। इस लापरवाही को शासन ने गंभीर माना है।

डीआईओएस ने जताई नाराजगी

जिला विद्यालय निरीक्षक मृदुला आनन्द ने इस स्थिति पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालयों का संचालन शासन के निर्धारित नियमों के अनुसार ही किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मनमाने तरीके से विद्यालय चलाने या ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पोर्टल पर पहले से उपलब्ध हैं सभी सुविधाएं

डीआईओएस ने बताया कि बोर्ड की वेबसाइट पर ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने के लिए आवश्यक लिंक, यूजर आईडी और यूजर मैनुअल पहले से उपलब्ध हैं। ऐसे में तकनीकी समस्या का बहाना स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी संस्था प्रमुखों को निर्देश दिया गया है कि प्रतिदिन निर्धारित समय पर छात्रों और स्टाफ की उपस्थिति ऑनलाइन दर्ज करना सुनिश्चित करें।

10-20 नहीं, पूरे 300 करोड़ का सोना-चांदी… देशभर में राम मंदिर की चर्चा, अब महाकाल मंदिर के खजाने ने सबको चौंकाया!

लापरवाही पर तय होगी व्यक्तिगत जिम्मेदारी

जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी प्रधानाचार्यों और प्रधानाध्यापकों को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में किसी भी विद्यालय में ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज न करने की शिकायत या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित संस्था प्रमुख की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय की जाएगी। उनके खिलाफ माध्यमिक शिक्षा अधिनियम के तहत तत्काल प्रभाव से कठोर दंडात्मक कार्रवाई शुरू की जाएगी।

कलयुग की सबसे खौफनाक तस्वीर: जिस भतीजे को सीने से लगाया, उसी ने चाचा को मौत के द्वार पहुंचाया, पढ़ें दिल दहलाने वाली वारदात

शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता पर जोर

प्रशासन का कहना है कि ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली का उद्देश्य विद्यालयों में पारदर्शिता बढ़ाना, छात्रों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना और शिक्षकों की जवाबदेही तय करना है। इसलिए सभी विद्यालयों को शासन के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करना होगा।

Location :  Balrampur

Published :  12 July 2026, 11:13 AM IST