महिलाएं समझती रहीं आभूषणों की चमक, पीछे रची जा रही थी खौफनाक साजिश! बलिया में गोलियों की गूंज से बेपर्दा हुआ ठगों का ‘डार्क सच’

महिलाओं के गहने साफ करने का झांसा देकर चोरी करने का आरोप, पुलिस से मुठभेड़ में आरोपी के पैर में लगी गोली और साथी भी दबोचा गया।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 28 August 2026, 11:07 AM IST

Ballia: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के भीमपुरा थाना पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के दौरान आभूषण चोरी के एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी नगरा भेजा गया। वहीं, पुलिस ने मौके से उसके एक साथी को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से तमंचा, कारतूस, जेवर और नकदी बरामद हुई है।

पुलिस टीम पर फायरिंग का आरोप

पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त की रात करीब 11:40 बजे भीमपुरा पुलिस इब्राहिम पट्टी-उद्धरन मार्ग पर रात्रि गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि प्रेमरजा गांव के पास कुछ संदिग्ध लोग मौजूद हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरता देख एक आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी अरविन्द सोनी (42) के दाहिने पैर में गोली लग गई।

Ballia: ब्यूटी पार्लर संचालिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, महिला के साथ आखिरी वक्त में क्या हुआ था

घायल आरोपी का अस्पताल में इलाज

घायल आरोपी की पहचान अरविन्द सोनी पुत्र स्व. सीताराम सोनी, निवासी वार्ड नंबर 12 पंचवीर, थाना साहेबपुर कमाल, जिला बेगूसराय, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे तत्काल सीएचसी नगरा पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस के मुताबिक उसकी हालत सामान्य है।

वहीं, मौके से उसके साथी पंकज सोनी (19) पुत्र अरविन्द सोनी, निवासी पंचवीर, थाना साहेबपुर कमाल, बेगूसराय, बिहार को गिरफ्तार कर लिया गया।

Ballia Crime: शाम होते ही मचा हड़कंप, पेट में चाकू घोंपकर युवक को किया घायल; BHU रेफर

आभूषण साफ करने के बहाने चोरी का आरोप

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों के गांव-गांव घूमकर महिलाओं के आभूषण और पुराने पीतल के बर्तन साफ करने का झांसा देने की बात सामने आई है। आरोप है कि इसी बहाने महिलाओं के आभूषण चोरी किए जाते थे।

पुलिस के मुताबिक, 21 और 24 अगस्त को भी आरोपियों ने इसी तरह की घटनाओं को अंजाम दिया था। पुलिस अब इन घटनाओं में आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

तमंचा, कारतूस और जेवर बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, पीली धातु के तीन आभूषण, 15,600 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Location :  Ballia

Published :  28 August 2026, 11:07 AM IST