Ballia News: दूसरी शादी के लिए सज-धजकर निकला दूल्हा, रास्ते में पहली पत्नी ने पकड़ लिया; बीच सड़क हुआ हाईवोल्टेज ड्रामा

बलिया के सिकंदरपुर में दूसरी शादी के लिए बरात लेकर जा रहे दूल्हे को उसकी पहली पत्नी ने रास्ते में रोक लिया। दोनों पक्षों में विवाद के बीच पहली पत्नी ने दूल्हे की पिटाई कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया। पहली पत्नी ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 9 August 2026, 1:14 PM IST

Ballia: उत्तर प्रदेश के बलिया में रविवार को दूसरी शादी के लिए बरात लेकर जा रहे एक दूल्हे को उसकी पहली पत्नी ने रास्ते में रोक लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ। पहली पत्नी ने दूल्हे पर धोखे से दूसरी शादी करने का आरोप लगाते हुए बीच सड़क उसकी पिटाई कर दी। घटना के दौरान काफी देर तक हंगामा होता रहा।

बरात निकलते ही पहली पत्नी को मिली जानकारी

मामला सिकंदरपुर कस्बे के जलपा-कलपा चौक का है। वाराणसी के छितूपुर महमूरगंज गांव निवासी मजहरुल हक रविवार को दूसरी शादी के लिए बरात लेकर सिकंदरपुर कस्बा स्थित मैनापुर जा रहा था।

इसी दौरान उसकी पहली पत्नी अतुफा खातून को पति की दूसरी शादी के लिए बरात लेकर जाने की जानकारी मिली। इसके बाद वह अपने स्वजनों के साथ जलपा-कलपा चौक पहुंच गई और दूल्हे को रास्ते में रोक लिया।

नोएडा में हादसा या हत्या? जिस घर में करती थी काम, उसी में मिली लाश, पुलिस ने कहा- अब पीएम रिपोर्ट से होगा खुलासा

दूल्हे को रास्ते में रोककर की पिटाई

चौक पर पहली पत्नी और दूल्हे के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला बढ़ गया। आरोप है कि पहली पत्नी ने दूल्हे पर दूसरी शादी करने का आरोप लगाते हुए थप्पड़ों से उसकी पिटाई शुरू कर दी।

इस दौरान दूल्हे के स्वजन और पहली पत्नी के साथ आए लोगों के बीच भी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। सड़क पर हंगामा बढ़ने के कारण आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए।

पुलिस पहुंची तो शांत हुआ मामला

घटना की सूचना मिलते ही कस्बा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। काफी देर तक चले विवाद के बाद सड़क पर स्थिति सामान्य हुई।

पहली पत्नी अतुफा खातून, निवासी बहेरी, बलिया ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

जब सो रही थी दुनिया, तब जागा भारत: जानिए आखिर क्यों 15 अगस्त की आधी रात को ही मिली हमें आजादी?

पहली पत्नी ने लगाया गंभीर आरोप

पहली पत्नी का आरोप है कि दोनों के बीच बलिया न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है। इसके बावजूद पति दूसरी शादी करने के लिए बरात लेकर जा रहा था। इसी बात का विरोध करते हुए उसने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, दूल्हे का कहना है कि पहली पत्नी से उसका विवाद चल रहा था और इसी वजह से उसने दूसरी शादी करने का फैसला लिया।

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद बरात आगे रवाना हो गई। बाद में विवाह संपन्न होने की जानकारी भी सामने आई।

फिलहाल पुलिस तहरीर और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। दूसरी शादी को लेकर पहली पत्नी द्वारा लगाए गए आरोपों और दोनों के बीच चल रहे विवाद की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Location :  Ballia

Published :  9 August 2026, 1:14 PM IST