एक पल की लापरवाही से परिवार सदमे में: बेटे को बचाने दौड़े पिता, दोनों की चली गई जान

बलिया के सहपुरवा गांव में हाईटेंशन बिजली के टूटे तार ने एक परिवार की पूरी दुनिया बदल दी। खेत पर गए पिता और इकलौते बेटे की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में गुस्सा और मातम दोनों पसरा है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 23 July 2026, 9:01 PM IST

Ballia: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के सहपुरवा गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गम में डुबो दिया। खेत पर गए पिता और उनके इकलौते बेटे की 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली के टूटे तार की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में शोक के साथ-साथ बिजली विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश भी देखने को मिला।

बेटे को बचाने की कोशिश में पिता ने भी गंवा दी जान

जानकारी के मुताबिक, 58 वर्षीय जनार्दन यादव अपने 24 वर्षीय बेटे राजेश यादव के साथ खेत की ओर गए थे। खेत में पहले से हाईटेंशन लाइन का तार टूटा पड़ा था। अनजाने में राजेश यादव करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही तड़पने लगे। अपने बेटे को बचाने के लिए जनार्दन यादव बिना किसी डर के आगे बढ़े, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गए। कुछ ही क्षणों में दोनों की मौके पर मौत हो गई। यह दृश्य देखकर आसपास मौजूद लोग स्तब्ध रह गए।

एक टूटे तार ने उजाड़ दिया पूरा परिवार! पिता-बेटे की मौत पर फूटा गुस्सा, सड़क पर बैठीं विधायक केतकी सिंह

पुलिस उपनिरीक्षक परीक्षा पास कर चुका था राजेश

हादसे में जान गंवाने वाले राजेश यादव ने हाल ही में पुलिस उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा उत्तीर्ण की थी। परिवार और गांव के लोगों को उससे बड़ी उम्मीदें थीं। उसकी सफलता से घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने सब कुछ बदल दिया। ग्रामीणों का कहना है कि अगर बिजली विभाग समय रहते जर्जर तारों की मरम्मत कर देता तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था।

कार्रवाई की उठी मांग

घटना की जानकारी मिलते ही विधायक प्रतिनिधि विश्राम सिंह मौके पर पहुंचे और प्रशासनिक अधिकारियों को बुलाया। इसके बाद तहसीलदार नितिन सिंह और बांसडीह रोड थानाध्यक्ष भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। विधायक प्रतिनिधि ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि अगर जांच में बिजली विभाग के किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई कराई जाएगी।

लापरवाह चालकों पर यातायात पुलिस का बड़ा शिकंजा, जानिए देवरिया में अचानक शुरू हुए चेकिंग अभियान का पूरा सच

मुआवजे और जिम्मेदारी तय करने की मांग

हादसे के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता और सरकारी मदद देने की भी मांग उठाई। फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और इस दर्दनाक हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।

Location :  Ballia

Published :  23 July 2026, 9:01 PM IST