Crime in UP: पत्नी की बेवफाई में पति बना हैवान, फरसे से हत्या कर फिर किया ये घिनौना काम

बागपत में पत्नी की कथित बेवफाई के शक में पति राहुल ने फरसे से हत्या कर दी। शव बोरे में भरकर ठिकाने लगाने की कोशिश की, लेकिन असफल होने पर खुद पुलिस को फोन कर जुर्म कबूल लिया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 21 June 2026, 5:00 PM IST

Baghpat: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पत्नी की कथित बेवफाई के शक में एक पति ने अपनी पत्नी की फरसे से काटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को बोरे में भरकर ठिकाने लगाने की कोशिश की, लेकिन जब वह शव उठा नहीं सका तो खुद ही पुलिस को फोन कर अपने अपराध की जानकारी दे दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

कैसे हुआ खौफनाक हत्याकांड

मामला बागपत जिले के रटौल क्षेत्र के खैला गांव का है। पुलिस के अनुसार राहुल और मनीषा ने करीब आठ साल पहले प्रेम विवाह किया था। दोनों की एक बेटी और एक बेटा है। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ वर्षों से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था।

राहुल का आरोप था कि उसकी पत्नी मनीषा चार साल पहले बेटे को लेकर बेंगलुरु चली गई थी और किसी दूसरे व्यक्ति के संपर्क में थी। शनिवार को मनीषा अपनी बेटी को साथ ले जाने की जिद कर रही थी, जिसको लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

गुस्से में फरसे से कर दी हत्या

पुलिस के मुताबिक विवाद इतना बढ़ गया कि राहुल ने गुस्से में फरसे से मनीषा की गर्दन और कमर पर कई वार कर दिए। हमले में मनीषा की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के समय घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था।

शव को ठिकाने लगाने की कोशिश

हत्या के बाद आरोपी राहुल ने शव को बोरे में भर दिया और उसे नहर में फेंकने या कहीं गड्ढे में दबाने की योजना बनाई। लेकिन शव का वजन अधिक होने के कारण वह बोरा उठा नहीं सका। करीब आधे घंटे तक वह शव के पास बैठा रहा और अलग-अलग तरीके सोचता रहा। जब कोई रास्ता नहीं सूझा तो उसने पुलिस को फोन कर खुद ही हत्या करने की सूचना दे दी।

बेटे की बात से गहरा हुआ शक

पूछताछ में राहुल ने बताया कि उसका बेटा अक्सर कहता था कि "दूसरे पापा" उसे डांटते और मारते हैं। इसी बात से उसका शक और गहरा हो गया था कि मनीषा किसी दूसरे व्यक्ति के साथ रह रही है। पुलिस का कहना है कि इसी शक और बेटी को साथ ले जाने के विवाद ने इस वारदात को जन्म दिया।

परिवार में मचा कोहराम

घटना के बाद दोनों बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया, जबकि पिता जेल पहुंच गया। गांव में मातम पसरा हुआ है। राहुल की बुजुर्ग मां और पिता अब दोनों बच्चों की जिम्मेदारी संभालेंगे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल फरसा भी बरामद कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Baghpat

Published :  21 June 2026, 5:00 PM IST