
बदायूं में तेज रफ्तार का खूनी तांडव Img: Dynamite News)
Budaun: बदायूं जनपद में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में बाइक और छोटा हाथी टेम्पो की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े।
जानकारी के मुताबिक, फैजगंज बेहटा निवासी कुलदीप और संजीव घरेलू गैस सिलेंडर लेने के लिए मुड़िया धुरेकी जा रहे थे। दोनों एक ही बाइक पर सवार थे। बिसौली मार्ग पर सामने से आ रहे एक छोटे हाथी टेम्पो ने तेज गति के चलते उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को आनन-फानन में सीएचसी बिसौली ले जाया गया, लेकिन वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान 25 वर्षीय कुलदीप पुत्र और 23 वर्षीय संजीव पुत्र निवासी ग्राम फैजगंज बेहटा के रूप में हुई है। दोनों घर के चहेते थे। घटना की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। परिजन सीएचसी पहुंचे तो उनका रो-रोकर बुरा हाल था।
सूचना मिलते ही फैजगंज बेहटा पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को कब्जे में लिया। पुलिस ने टेम्पो को भी सीज कर दिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। टेम्पो की गति और लापरवाही के एंगल से भी जांच की जा रही है।
Location : Budaun
Published : 5 July 2026, 3:32 PM IST
Topics : Badaun News Road Accident UP News UP Police