आगरा के बाथरूम हत्याकांड में बड़ा अपडेट: आखिर रूबी ने ऐसा क्यों कहा- घर के अंदर मत आना…

आगरा के चर्चित बाथरूम कांड में एक फोन कॉल अब पूरी कहानी की सबसे अहम कड़ी बन गया है। 'घर के अंदर मत आना' कहने के पीछे क्या वजह थी और कैसे करीब 45 दिनों तक एक बड़ा राज छिपा रहा?

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 5 July 2026, 6:18 PM IST
google-preferred

Agra: आगरा में सामने आया बाथरूम मर्डर केस में हर दिन ऐसे खुलासे हो रहे हैं, जिन्होंने लोगों को हैरान कर दिया है। पुलिस जांच, परिवार के बयान और आरोपी रूबी से पूछताछ में सामने आई जानकारियों को जोड़ने पर एक ऐसी टाइमलाइन सामने आती है, जो किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं लगती। इस पूरी कहानी का सबसे बड़ा मोड़ वह फोन कॉल माना जा रहा है, जिसमें रूबी ने अपने जेठ से कहा था, "घर के अंदर मत आना... बच्चों को बाहर से ही ले जाना।" उस समय यह एक सामान्य बात लगी, लेकिन अब यही कॉल पूरे मामले की सबसे अहम कड़ी बन चुकी है।

हत्या वाले दिन क्या हुआ?

पुलिस जांच के अनुसार, 18 मई को सुरेंद्र शर्मा की हत्या की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी रूबी ने कथित तौर पर पहले अपने पति को खीर में नींद की गोलियां मिलाकर खिलाईं। जब वह पूरी तरह बेसुध हो गए, तब उनकी हत्या कर दी गई। हालांकि इस पूरे घटनाक्रम की पुष्टि अभी अदालत में होनी बाकी है और पुलिस जांच जारी है।

इसी दिन सुबह रूबी ने अपने जेठ अनिल शर्मा को फोन किया। उसने कहा कि घर में पुलिस से जुड़ा कोई मामला हो गया है, इसलिए वह मां और दोनों बच्चियों को अपने साथ ले जाएं। साथ ही उसने खास तौर पर यह भी कहा कि घर के अंदर बिल्कुल न आएं। अब जांच में माना जा रहा है कि उस समय वह किसी को घर के भीतर नहीं आने देना चाहती थी।

अगले दिन शुरू हुई सबसे बड़ी साजिश

पुलिस के मुताबिक, 19 मई को रूबी ने अपनी दोनों बेटियों और सास को दूसरे घर भेज दिया। इसके बाद वह घर में अकेली रह गई। पूछताछ में उसने कथित तौर पर बताया कि उसने शव को घसीटकर बाथरूम तक पहुंचाया और पहले से तैयार गड्ढे में दफना दिया। इसके बाद ऊपर मिट्टी डालकर उसे समतल कर दिया गया। यहीं से शुरू हुई उस राज को हमेशा के लिए छिपाने की कोशिश।

चाय के शौकीनों सावधान! हर चुस्की में मिल रहा जहर… बाराबंकी में नकली चायपत्ती फैक्ट्री का भंडाफोड़, जानें कैसे करते थे मिलावट?

बाथरूम का फर्श बन गया सबसे बड़ा राज

शव दफनाने के बाद रूबी ने एक राजमिस्त्री को बुलाया। उसे बताया गया कि बाथरूम का फर्श ऊंचा करना है। मिस्त्री ने पुलिस को बताया कि जब वह वहां पहुंचा तो रूबी खुद मलबा भर रही थी। उसने मजदूर लगाने की सलाह भी दी, लेकिन रूबी ने खुद ही काम करने की बात कही। करीब चार गुणा छह फुट के बाथरूम में नया सीमेंट का फर्श तैयार कर दिया गया। काम करने वाले लोगों को इस बात का बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि जिस जगह वे फर्श बना रहे हैं, उसके नीचे एक शव दफन है।

गुमशुदगी की रिपोर्ट और बदलती कहानी

करीब आठ दिन बाद, 26 मई को सुरेंद्र शर्मा की गुमशुदगी दर्ज कराई गई। रूबी ने परिवार और पुलिस को बताया कि पति किसी बात पर नाराज होकर घर छोड़कर चले गए हैं और जल्द वापस आ जाएंगे। पुलिस ने गुमशुदगी के आधार पर जांच शुरू की। इस दौरान रूबी खुद भी पुलिस के साथ सीसीटीवी फुटेज देखने जाती रही। रिश्तेदारों के सामने वह पति की चिंता जताती थी। कभी कहती कि वह पैसे लेकर गए हैं, तो कभी कहती कि जल्द लौट आएंगे। उसके बयान लगातार बदलते रहे, जिससे परिवार के कुछ लोगों को शक होने लगा।

परिवार का शक बढ़ता गया

मृतक के बड़े भाई अनिल शर्मा का कहना है कि उन्हें शुरू से ही रूबी की बातों पर भरोसा नहीं हो रहा था। उन्होंने बैंक स्टेटमेंट समेत कई पहलुओं की जानकारी जुटानी शुरू की। परिवार ने कई बार रूबी से साफ-साफ सच बताने को भी कहा। बताया जा रहा है कि लगातार पूछे जा रहे सवालों और बढ़ते दबाव के कारण रूबी मानसिक रूप से परेशान होने लगी। इसी दौरान मामले ने अचानक नया मोड़ ले लिया।

घर के अंदर भड़की ऐसी आग कि पति की बची सांसें भी थम गईं… पत्नी की साजिश का पुलिस ने ऐसे खोला राज

45 दिन बाद खुला सबसे बड़ा राज

करीब डेढ़ महीने बाद, 3 जुलाई को रूबी ने खुद अपने जेठ को फोन कर घर बुलाया। जब उन्होंने पूछा कि सुरेंद्र कहां हैं, तो पहले उसने कहा कि घर में हैं। दोबारा पूछने पर उसने बताया कि बाथरूम में हैं। जब वहां कुछ दिखाई नहीं दिया तो उसने कहा कि फर्श के नीचे।

यह सुनते ही परिवार के होश उड़ गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बाथरूम का सीमेंट तोड़ा गया। नीचे गड्ढे में सुरेंद्र शर्मा का शव बरामद हुआ। शव काफी पुराना होने के कारण उसकी स्थिति बेहद खराब हो चुकी थी। इसके बाद फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

कई सवालों के जवाब बाकी

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में रूबी ने हत्या की बात स्वीकार करने का दावा किया है, लेकिन जांच अभी पूरी नहीं हुई है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या इस वारदात में कोई और भी शामिल था। गड्ढा किसने खोदा, शव को दफनाने में किसी की मदद मिली या नहीं और हत्या की असली वजह क्या थी, जैसे कई सवालों के जवाब अभी सामने आने बाकी हैं।

Location :  Agra

Published :  5 July 2026, 6:18 PM IST

Related News

Advertisement