
Budaun: बदायूं पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। थाना दातागंज पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश अजय उर्फ बबलू को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर लोगों को बेहोश करने और फिर नकदी व ATM कार्ड लूटने वाले गिरोह का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस और बदमाश के बीच हुई फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि एक पुलिस सिपाही भी घायल हो गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दातागंज पुलिस समरेर रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली अजय उर्फ बबलू के दाहिने पैर में लगी और उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।
पुलिस के मुताबिक 10 मई 2026 को दातागंज कस्बे में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर एक व्यक्ति को पानी में नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर दिया था। इसके बाद उसकी जेब से नकदी और ATM कार्ड लूट लिए गए थे। इस मामले में थाना दातागंज में मुकदमा दर्ज किया गया था और तभी से आरोपी फरार चल रहा था।
जांच के दौरान पुलिस ने 3 जुलाई 2026 को गिरोह के दूसरे सदस्य सन्नी सैनी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पूछताछ में उसी ने अजय उर्फ बबलू का नाम बताया था। इसके बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी और आखिरकार मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, 2400 रुपये नकद और 20 ATM कार्ड बरामद हुए हैं। पुलिस को आशंका है कि ये ATM कार्ड अन्य वारदातों से जुड़े हो सकते हैं। पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
मुठभेड़ के दौरान आरक्षी राहुल गौतम के हाथ में गोली लग गई। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह अपने साथी के साथ राहगीरों को नशीला पदार्थ पिलाकर लूटपाट करता था। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
Location : Budaun
Published : 23 July 2026, 11:22 AM IST
Topics : Badaun Police encounter news up crime