
श्रीरामजन्मभूमि (Source: Pinterest )
Ayodhya: श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के वित्तीय रिकॉर्ड की जांच अब और गहराती नजर आ रही है। मंदिर में चढ़ावे और दान से जुड़े कथित चोरी मामले की जांच के लिए गठित नई एसआईटी की दो सदस्यीय ऑडिट टीम ने मंगलवार को भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में ट्रस्ट के बैंक खातों और लॉकरों का विस्तृत सत्यापन किया।
ऑडिट टीम में एक फोरेंसिक ऑडिटर और एक चार्टर्ड अकाउंटेंट शामिल रहे। टीम सुबह करीब नौ बजे एसबीआई पहुंची और रात करीब नौ बजे तक बैंक में रिकॉर्ड की जांच की। इस दौरान ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव डॉ. कृष्ण मोहन समेत खातों के संचालन के लिए अधिकृत लोग भी मौजूद रहे।
बैंक अधिकारियों की मौजूदगी में ट्रस्ट के खातों के संचालन, अधिकृत हस्ताक्षरों, बैंक अभिलेखों और भुगतान प्रक्रिया की जांच की गई। ऑडिट टीम ने बैंक स्टेटमेंट और वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों का बैंक रिकॉर्ड से मिलान किया। जरूरत के अनुसार दस्तावेजों की प्रतियां और तकनीकी विवरण भी जुटाए गए।
प्रेमिका से मिलने फतेहपुर आया था युवक, कुछ घंटों बाद दुकान के अंदर जो मिला उसने सबको चौंका दिया
सूत्रों के मुताबिक, टीम ने एसबीआई में ट्रस्ट के लॉकर में सुरक्षित दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड का भी सत्यापन किया। बताया जा रहा है कि राम मंदिर में दान स्वरूप मिलने वाले उपहार और जेवर आदि के लिए करीब सात वर्ग फुट का लॉकर आरक्षित है।
पिछले तीन दिनों से ट्रस्ट से जुड़े लोग लॉकर में रखी वस्तुओं का सत्यापन कर रहे हैं। इस दौरान पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। दान में मिली सोने-चांदी की ईंटों और अन्य उपहारों का मिलान कर रिपोर्ट एसआईटी को सौंपे जाने की चर्चा है।
Mirzapur: लाइक और व्यूज के लिए थाने के सामने बनाई रील, लेकिन मिल गई जेल की हवा
सूत्रों के अनुसार ऑडिट टीम अपनी रिपोर्ट एसआईटी को सौंपेगी। इसी रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मंगलवार को बैंक परिसर में पूरी प्रक्रिया के दौरान गोपनीयता बरती गई और अधिकारियों ने आधिकारिक टिप्पणी करने से परहेज किया।
Location : Ayodhya
Published : 5 August 2026, 9:22 AM IST
Topics : ayodhya news Ram Mandir SIT Investigation