
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
Auraiya: जिले के अछल्दा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक के जीजा ने करीब 20 साथियों के साथ मिलकर उसे रास्ते से उठाया और अजीतमल क्षेत्र के सेऊपर गांव स्थित अपने घर के पास ले जाकर उसके साथ मारपीट की। इसके बाद युवक को नीम के पेड़ से बांधकर लाठी-डंडों से पीटने का भी आरोप लगाया गया है।
अछल्दा थाना क्षेत्र के नल्हूपुर गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार उर्फ अभय तिवारी के पिता हरीशंकर तिवारी ने पुलिस को तहरीर दी है। उनका आरोप है कि बुधवार सुबह करीब सवा 10 बजे उनका बेटा बघुआ गांव में तिराहे के पास मेडिकल स्टोर से दवा लेने जा रहा था। इसी दौरान उसका जीजा विकास पांडे करीब 20 साथियों के साथ बाइकों पर सवार होकर वहां पहुंचा।
आरोप है कि विकास पांडे और उसके साथियों ने धर्मेंद्र को रास्ते से अपने साथ ले लिया। इसके बाद उसे अजीतमल क्षेत्र के सेऊपर गांव स्थित घर के पास ले जाया गया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि सेऊपर गांव पहुंचने के बाद धर्मेंद्र के साथ पहले खेत में मारपीट की गई। इसके बाद उसे नीम के पेड़ से बांध दिया गया और लाठी-डंडों से पीटा गया। इस दौरान आसपास मौजूद ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई और उन्होंने युवक के पिता को इसकी सूचना दी।
हरीशंकर को जब बेटे के साथ मारपीट की जानकारी मिली तो उन्होंने 1076 पर कॉल किया। इसके बाद डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने के बाद डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोपहर करीब ढाई बजे युवक को वहां से छुड़ाया और उसके पिता के सुपुर्द कर दिया। घर पहुंचने के बाद धर्मेंद्र ने परिजनों को अपने साथ हुई मारपीट की जानकारी दी।
इसके बाद उसके पिता ने अछल्दा थाने पहुंचकर रात में विकास पांडे समेत अन्य लोगों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद युवक का रात में ही सीएचसी में मेडिकल परीक्षण कराया।
पीड़ित परिवार के अनुसार, घटना के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है। बताया गया कि सावन महीने में किंदरपुर गांव से तोता पुत्र जस्सू की डाक कांवड़ सिंघीरामपुर गई थी। इसी दौरान कांवड़ में शामिल होने जा रहे अंशू नाम के युवक का विकास पांडे से विवाद हुआ था।
आरोप है कि उस समय धर्मेंद्र ने अंशू का पक्ष लिया था। इसी बात को लेकर विकास पांडे उससे नाराज था और पुरानी रंजिश के चलते मारपीट की गई।
परिजनों के मुताबिक, इसी वर्ष मार्च में शालिनी की शादी विकास पांडे के साथ हुई थी। बताया गया कि शालिनी करीब तीन महीने से अपने मायके में रह रही है। फिलहाल पुलिस तहरीर और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
Location : Auraiya
Published : 3 September 2026, 12:24 PM IST