जन्माष्टमी पर कान्हा की नगरी जाने की तैयारी? जानें फरीदाबाद-बल्लभगढ़ से मथुरा-वृंदावन तक का आसान बस गाइड

जन्माष्टमी पर फरीदाबाद-बल्लभगढ़ से मथुरा-वृंदावन जाने वाले भक्तों के लिए बस का नया रूट व किराया जारी। सुबह 5 बजे से शुरू होंगी बसें, मथुरा का टिकट ₹150 और छटीकरा का ₹135। 65 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों को मिलेगी किराए में छूट।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 3 September 2026, 12:08 PM IST
google-preferred

Faridabad: जन्माष्टमी पर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन के लिए अगर आप फरीदाबाद या बल्लभगढ़ से मथुरा-वृंदावन जाने की योजना बना रहे हैं, तो कुछ जरूरी बातें ध्यान रखना बेहद जरूरी है। बल्लभगढ़ बस स्टैंड के ड्यूटी इंस्पेक्टर जयपाल राठी के अनुसार, वृंदावन के लिए कोई सीधी अलग बस नहीं चलती है।

यात्रियों को मथुरा या आगरा जाने वाली बसों में सवार होना पड़ेगा। यह बसें हाईवे पर छटीकरा मोड़ से होकर गुजरती हैं, जहां से उतरकर आप ऑटो लेकर सीधे वृंदावन मंदिर प्रांगण तक पहुंच सकते हैं।

किराया और बस की टाइमिंग का रखें ध्यान

सफर शुरू करने से पहले जेब का बजट जानना बहुत जरूरी है। फरीदाबाद और बल्लभगढ़ से मथुरा तक का बस किराया 150 रुपये है, जबकि छटीकरा मोड़ तक का किराया 135 रुपये तय किया गया है। वृंदावन पहुंचने के लिए छटीकरा से ऑटो का अलग किराया लगेगा। बसों की आवाजाही सुबह 5 बजे से ही शुरू हो जाती है। त्योहार पर भीड़भाड़ से बचने के लिए तड़के निकलना ज्यादा आरामदायक रहेगा।

ऑनलाइन बुकिंग नहीं, साथ रखें कैश

मथुरा-वृंदावन रूट की सरकारी बसों में ऑनलाइन टिकट की व्यवस्था नहीं है। बस में चढ़ने के बाद परिचालक (कंडक्टर) से सीधे नकद देकर टिकट लेना होता है। इसलिए यात्रा पर निकलने से पहले पर्याप्त कैश साथ रखना न भूलें। इसके अलावा, ट्रैफिक नियमों और फ्लाईओवर रूट के कारण बसें तय स्टैंड पर ही रुकती हैं, इसलिए चालक से उतरने वाली जगह की पुष्टि पहले ही कर लें।

15 साल बाद जन्माष्टमी पर बना द्वापर जैसा महासंयोग: बाल गोपाल जी की पूजा के लिए ये 45 मिनट सबसे शुभ

वरिष्ठ नागरिकों को टिकट में विशेष छूट

बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए राहत की बात यह है कि 65 वर्ष से अधिक उम्र के यात्रियों को सरकारी नियमानुसार किराए में 50 प्रतिशत तक की छूट मिलती है। इसके अलावा पात्र यात्रियों के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा भी लागू है। बस में सवार होते समय कंडक्टर को अपनी आयु से जुड़ा पहचान पत्र दिखाकर आप इस छूट का लाभ ले सकते हैं।

Location :  Faridabad

Published :  3 September 2026, 11:49 AM IST

Advertisement