Amroha News: जेल में बंद खाकीधारियों की बढ़ेगी मुश्किलें? मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल्स से बुने जा रहे सबूत

अमरोहा में एक फार्म हाउस में हुई वारदात के बाद अब पुलिस उन कड़ियों को जोड़ने में जुटी है, जो घटना से पहले और बाद के पूरे घटनाक्रम का राज खोल सकती हैं। जांच में मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और रास्ते में लगे CCTV कैमरों की फुटेज को अहम माना जा रहा है।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 28 September 2026, 7:56 PM IST

Amroha: उत्तर प्रदेश के जिले अमरोहा में एक फार्म हाउस में हुई वारदात के बाद अब पुलिस उन कड़ियों को जोड़ने में जुटी है, जो घटना से पहले और बाद के पूरे घटनाक्रम का राज खोल सकती हैं। जांच में मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और रास्ते में लगे CCTV कैमरों की फुटेज को अहम माना जा रहा है। पुलिस टीम मेरठ और सोनीपत तक पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है।

सोनीपत से गढ़मुक्तेश्वर तक खंगाले जा रहे CCTV

अमरोहा जिले के हसनपुर क्षेत्र के झूलपुरी स्थित एक फार्म हाउस में हरियाणा की युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले की जांच अब डिजिटल साक्ष्यों पर केंद्रित हो गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना से पहले युवती कहां-कहां गई और फार्म हाउस तक किस तरह पहुंची।

जांच टीम सोनीपत से गढ़मुक्तेश्वर के बीच आने वाले टोल प्लाजा और अन्य स्थानों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इन फुटेज के जरिए पुलिस घटनाक्रम से जुड़े लोगों की आवाजाही की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।

ये भी पढ़ें: Amroha News: लापता किसान का जंगल में मिला शव, निर्मम हत्या की आशंका से इलाके में कोहराम

पुलिसकर्मियों की भी CDR जांच

मामले की जांच में कुछ पुलिसकर्मियों और सीआरपीएफ कर्मियों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। एसएसआई नरेश पाल राणा, दरोगा संजय तोमर, सिपाही प्रमोद, सीआरपीएफ इंस्पेक्टर लालाराम यादव और हेड कांस्टेबल मोहित की CDR जांच के लिए निकलवाई गई है।

बताया गया है कि एसएसआई नरेश पाल राणा पर युवती को फार्म हाउस में कमरा दिलाने का आरोप है। पुलिस अब कॉल डिटेल के जरिए यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले संबंधित लोगों के बीच कब और कितनी बार बातचीत हुई।

मोबाइल लोकेशन से घटनाक्रम जोड़ने की कोशिश

जांच का सबसे अहम हिस्सा इस समय डिजिटल साक्ष्य है। पुलिस युवती और आरोपियों के मोबाइल फोन की लोकेशन की जांच कर रही है। इसके साथ ही उनके बीच हुई बातचीत और अलग-अलग समय पर उनकी मौजूदगी की जानकारी को आपस में मिलाया जा रहा है।

पुलिस यह भी देख रही है कि घटना के समय संबंधित मोबाइल फोन की लोकेशन कहां थी। CCTV फुटेज और मोबाइल लोकेशन से मिलने वाली जानकारी का मिलान कर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

केयरटेकर और चौकीदार के बयान भी अहम

फार्म हाउस के केयरटेकर और चौकीदार से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। उनके बयान से फार्म हाउस में आने-जाने वाले लोगों और घटना के समय वहां मौजूद लोगों के बारे में जानकारी मिलने की उम्मीद है। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों के साथ मौके से जुड़े भौतिक साक्ष्यों को भी जांच में शामिल कर रही है।

ये भी पढ़ें: Amroha Accident: अनियंत्रित डंपर मंदिर में घुसा, रामायण पाठ के दौरान 3 की मौत, कई घायल

चार आरोपी जेल में बंद

पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर की रात झूलपुरी स्थित फार्म हाउस में युवती से सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई थी। मामले में हसनपुर पुलिस ने दरोगा संजय तोमर, सिपाही प्रमोद, सीआरपीएफ इंस्पेक्टर लालाराम और हेड कांस्टेबल मोहित को गिरफ्तार किया था। चारों आरोपी फिलहाल बिजनौर जेल में बंद हैं।

एसपी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि मामले में डिजिटल और भौतिक साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मजबूत साक्ष्य जुटाने के बाद न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया जाएगा।

Location :  Amroha

Published :  28 September 2026, 7:56 PM IST