3 घंटे ठप रहा हाईवे, फिर पुलिस ने 25 से ज्यादा लोगों पर जो कार्रवाई की…. अमेठी में जो हुआ उसको सुन कर उड़े सबके होश

अमेठी के चर्चित अंकित हत्याकांड के बाद हुए विरोध-प्रदर्शन पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। हाईवे जाम करने, पुलिस पर पथराव और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में लोगों को नामजद करते हुए लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 6 August 2026, 6:06 PM IST

Amethi: अमेठी जिले में चर्चित अंकित हत्याकांड के बाद हुए विरोध-प्रदर्शन को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने शव रखकर गौरीगंज-अमेठी हाईवे जाम करने, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और पुलिसकर्मियों पर पथराव करने के आरोप में आठ लोगों को नामजद किया है। इसके अलावा 20 से 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, गौरीगंज थाना क्षेत्र के पूरे बान वार्ड नंबर-17 निवासी अंकित कश्यप की सोमवार को गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर गौरीगंज-अमेठी मार्ग जाम कर दिया। इस दौरान करीब तीन घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

यह भी पढ़ें: Amethi News: काम पर निकला था 60 वर्षीय युवक, अस्पताल से आई मौत की खबर, जांच में जुटी पुलिस

पुलिस पर पथराव और अभद्रता का आरोप

पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन समाप्त कराने के लिए कई बार समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन भीड़ नहीं मानी। इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की, जान से मारने की धमकी दी और ईंट-पत्थर फेंके।

इस घटना में उपनिरीक्षक कृपाशंकर यादव, रामकरन सिंह और शिवेंद्र प्रताप सिंह घायल हो गए। तीनों का जिला अस्पताल में चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। पुलिस के अनुसार, सभी की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।

आठ नामजद, कई अज्ञात पर दर्ज हुआ मुकदमा

उपनिरीक्षक कृपाशंकर यादव की तहरीर पर राज, विजय सिंह, प्रीतम, प्रभाकर मिश्रा, हरिकिशन शुक्ला उर्फ निक्की, गौरीशंकर, विजय पासी और संतोष समेत आठ लोगों को नामजद किया गया है। इसके अलावा 20 से 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक वीरेन्द्र कुमार पाल को सौंपी गई है।

यह भी पढ़ें: Amethi: रोडवेज बस स्टेशन पर ये कैसा इंसाफ? यात्रियों के कूलर से ठंडे हो रहे अफसरों के कमरे, उठा विवाद

वीडियो फुटेज के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

प्रभारी निरीक्षक गौरीगंज रवि सिंह ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाएगी। वीडियो फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील भी की है।

Location :  Amethi

Published :  6 August 2026, 6:06 PM IST