अफसरों की शह या भू-माफिया का जाल? मैनपुरी में जानिए कैसे रातों-रात गायब हुई ग्रामसभा की जमीन

मैनपुरी के किशनी तहसील क्षेत्र में ग्रामसभा की करोड़ों रुपये मूल्य की सरकारी भूमि पर फर्जी पट्टा, कूटरचना और अवैध कब्जा कराने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 6 August 2026, 6:16 PM IST
google-preferred

Mainpuri: मैनपुरी जिले की किशनी तहसील के ग्राम कुसमरा देहात में ग्रामसभा की करोड़ों रुपये मूल्य की सरकारी भूमि पर फर्जी पट्टा कराने और अवैध कब्जा दिलाने का मामला सामने आया है। इस मामले में शिकायतकर्ता जयपाल सिंह ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, FIR दर्ज करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में कमलेश कुमार यादव, उनके पुत्र राहुल यादव और प्रकाश बाबू पर सरकारी भूमि के फर्जी दस्तावेज तैयार कर कब्जा करने का आरोप लगाया गया है। इसके अलावा तत्कालीन और वर्तमान राजस्व अधिकारियों, जिनमें लेखपाल और नायब तहसीलदार शामिल हैं, पर भी मिलीभगत का आरोप लगाया गया है।

यह भी पढ़ें: Mainpuri: अपराधियों में खौफ! पुलिस का ‘ऑपरेशन ऑल आउट’, एक साथ 27 आरोपी सलाखों के पीछे

क्या है पूरा मामला?

शिकायत के अनुसार, मौजा कुसमरा देहात के खाता संख्या 649 की गाटा संख्या 1442 और 1481 को वर्ष 2021 में उपजिलाधिकारी किशनी के आदेश के आधार पर बंजर भूमि की श्रेणी से हटाकर प्रकाश बाबू के नाम संक्रमणीय भूमिधर के रूप में दर्ज कर दिया गया।

आरोप है कि इसके बाद फर्जी दस्तावेजों और राजस्व अभिलेखों का गलत इस्तेमाल करते हुए विवादित भूमि का बैनामा राहुल यादव के नाम करा दिया गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस तरह सरकारी जमीन को निजी संपत्ति में बदलने की साजिश रची गई।

मामला न्यायालय में विचाराधीन

शिकायत में बताया गया है कि इस प्रकरण की जानकारी मिलने के बाद तत्कालीन जिलाधिकारी ने अपर आयुक्त, आगरा मंडल के न्यायालय में अपील दाखिल की थी। यह मामला अभी भी न्यायालय में विचाराधीन है।

नियमों की अनदेखी कर कब्जा दिलाने का आरोप

शिकायतकर्ता का आरोप है कि मामला अदालत में लंबित होने के बावजूद वर्तमान लेखपाल और नायब तहसीलदार ने नियमों की अनदेखी करते हुए विवादित भूमि की पैमाइश कराई और संबंधित लोगों को कब्जा दिलाने की कार्रवाई की। उन्होंने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित अधिकारियों और आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने तथा सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराने की मांग की है।

यह भी पढ़ें: Mainpuri: दिनदहाड़े बड़ी वारदात; परिवार बाहर गया और पीछे से चोरों ने कर दिया हाथ साफ, लाखों का माल पार

प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी निगाहें

फिलहाल शिकायत के आधार पर प्रशासन के संज्ञान में मामला पहुंच गया है। अब यह देखना होगा कि जांच के बाद क्या कार्रवाई होती है। प्रशासन की ओर से मामले में आधिकारिक बयान या जांच रिपोर्ट अभी सामने नहीं आई है।

Location :  Mainpuri

Published :  6 August 2026, 6:15 PM IST

Related News

Advertisement