
तालाब में नहाने गया और फिर नहीं लौटा (IMG: Dynamite News)
Pratapgarh: अंतू थाना क्षेत्र के राजापुर गांव में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब तालाब में नहाने गया 13 वर्षीय किशोर गहरे पानी में डूब गया। देखते ही देखते किशोर पानी में समा गया। उसके साथ मौजूद 10 वर्षीय दोस्त ने जब यह मंजर देखा तो बदहवास होकर घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद किशोर का शव तालाब से बाहर निकाला जा सका।
मृतक किशोर की पहचान अमेठी जिले के कोहंडौर थाना क्षेत्र के नरहरपुर गांव निवासी आलोक वर्मा के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 13 वर्ष थी। बताया गया कि आलोक अंतू थाना क्षेत्र के डंडवा गड़वारा में अपने मामा उमेश वर्मा के घर रहकर पढ़ाई-लिखाई करता था। सोमवार को स्कूल बंद होने के कारण आलोक गांव में अपने दोस्त के साथ घूमने के लिए निकला था।
बताया गया कि सोमवार दोपहर करीब 12 बजे आलोक अपने 10 वर्षीय दोस्त शिवम बनवासी के साथ संग्रामपुर किला स्थित राजापुर तालाब में नहाने पहुंचा था। दोनों तालाब में नहा रहे थे। इसी दौरान आलोक अचानक तालाब के गहरे हिस्से की तरफ चला गया। पानी की गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। आलोक ने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन वह खुद को संभाल नहीं सका और कुछ ही देर में पानी में डूब गया।
आलोक को डूबता देखकर उसके साथ मौजूद शिवम घबरा गया। वह तत्काल तालाब से निकलकर भागते हुए घर पहुंचा और परिजनों को पूरी घटना बताई। किशोर के डूबने की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण तालाब की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने अपने स्तर से भी किशोर को तलाशने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
तालाब के गहरे पानी में काफी देर तक तलाश चलती रही। स्थानीय गोताखोरों की मदद से आखिरकार आलोक का शव पानी से बाहर निकाला गया। किशोर के शव को देखते ही मौके पर मौजूद परिजन और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की।
आलोक की मौत की खबर जैसे ही अमेठी स्थित उसके माता-पिता और परिजनों को मिली, घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस बच्चे को पढ़ाई के लिए मामा के घर भेजा गया था, उसकी अचानक मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। वहीं, हादसे के बाद नरहरपुर गांव और आलोक के ननिहाल में भी मातम पसरा हुआ है।
Location : Pratapgarh
Published : 14 September 2026, 1:59 PM IST