आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, यात्रियों से भरी बस चकनाचूर

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार रात एक तेज रफ्तार स्लीपर बस ट्रक-ट्रेलर से जा भिड़ी। हादसा इतना भीषण था कि दो लोगों की जान चली गई और दर्जनों यात्री घायल हो गए। मौके पर देर रात तक राहत और बचाव अभियान चलता रहा। आखिर हादसा कैसे हुआ?

Post Published By: Subhash Raturi
Updated : 26 June 2026, 12:05 PM IST

Firozabad: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नगला खंगर थाना क्षेत्र में किलोमीटर 63 आरएचएस पर लखनऊ से करीब 60 यात्रियों को लेकर चंडीगढ़ जा रही एक स्लीपर बस तेज रफ्तार के चलते आगे चल रहे ट्रक-ट्रेलर से पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में बस चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 40 यात्री घायल हो गए।

टक्कर के बाद बस में मची चीख-पुकार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि बस में बैठे यात्रियों की नींद टूट गई और चारों तरफ चीख-पुकार सुनाई देने लगी। कई यात्री अपनी सीटों से उछलकर आगे जा गिरे। कुछ लोग बस के अंदर ही फंस गए, जिन्हें बाहर निकालने में काफी समय लगा। हादसे की सूचना मिलते ही एक्सप्रेसवे पर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।

लखनऊ में 15 बच्चों की मौत का जिम्मेदार अफसर मेरठ में ले रहा था मजे! सरकार की नजर पड़ी तो लिया बड़ा एक्शन

मौके पर पहुंची पुलिस और राहत टीमें

सूचना मिलते ही यूपीडा की गश्ती टीम, डायल 112, नगला खंगर थाना पुलिस, सिरसागंज से फायर ब्रिगेड और क्षेत्राधिकारी सिरसागंज मौके पर पहुंचे। राहत कार्य में रिकवरी वैन, हाइड्रा और जेसीबी मशीनों का इस्तेमाल किया गया। बस का चालक गुरी, निवासी पारसो (पंजाब), स्टीयरिंग और केबिन के बीच बुरी तरह फंस गया था। उसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।

गंभीर रूप से घायल चालक और केबिन में बैठे एक अन्य व्यक्ति को तुरंत पीजीआई सैफई और संयुक्त चिकित्सालय भेजा गया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।

घायलों को अस्पतालों में कराया गया भर्ती

हादसे में घायल हुए करीब 30 से 40 यात्रियों को सीएचसी शिकोहाबाद और आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। कई यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों का इलाज जारी है। प्रशासन ने अस्पतालों में अधिकारियों की तैनाती भी की है ताकि घायलों को समय पर इलाज और हर जरूरी सुविधा मिल सके।

यात्रियों को दूसरी बसों से भेजा गया चंडीगढ़

हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। सुरक्षा टीम ने तुरंत सड़क पर सुरक्षा संकेतक लगाकर राहत कार्य शुरू किया और कार लेन व ओवरटेक लेन से वाहनों की आवाजाही चालू रखी। बस में सवार जो यात्री सुरक्षित थे, उन्हें प्रशासन ने दूसरी बसों की व्यवस्था कर चंडीगढ़ के लिए रवाना कर दिया।

अफसरशाही में बड़ा बदलाव: हरियाणा सरकार ने 7 IAS और 10 HCS बदले, यहां देखें पूरी सूची

हादसे की जांच शुरू

प्राथमिक जांच में हादसे की वजह बस की तेज रफ्तार बताई जा रही है। ट्रक-ट्रेलर कानपुर से लोहे के रोल लेकर जयपुर जा रहा था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घायलों की विस्तृत सूची भी तैयार की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Firozabad

Published :  26 June 2026, 12:05 PM IST