आगरा में एकतरफा प्यार का खूनी खेल: युवक ने प्रेमिका को मारी गोली, खुद भी दी जान, अब सामने आई डरावनी दास्तां

आगरा में प्रेम प्रसंग का खौफनाक मामला सामने आया है, जहां शादीशुदा युवक ने बीएससी की छात्रा को गोली मारकर खुद भी आत्महत्या कर ली। 11 महीने पहले छात्रा ने आरोपी पर छेड़छाड़ का केस दर्ज कराया था, लेकिन बाद में बयान बदल दिए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 8 October 2026, 10:57 AM IST

Agra: शहर में प्रेम प्रसंग का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक सिरफिरे आशिक ने पहले बीएससी की छात्रा को गोली मारी और उसके बाद खुद को भी उड़ा लिया। इस खौफनाक वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस इस मामले की गहराई से छानबीन कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर इस जानलेवा घटना के पीछे की असल वजह क्या थी।

11 महीने पहले दर्ज कराई गई थी प्राथमिकी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका बीएससी की छात्रा थी और आरोपी अरुण से खासी परेशान थी। करीब 11 महीने पहले, यानी 9 नवंबर 2025 को छात्रा ने थाना सदर में अरुण के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उसने आरोप लगाया था कि आरोपी उसकी दुकान पर आता था, उसका मोबाइल नंबर लेकर उसे लगातार मैसेज भेजता था। नंबर ब्लॉक करने पर वह उसका घर तक पीछा करने लगा था। छात्रा ने यह भी आरोप लगाया था कि आरोपी ने रास्ते में रोककर उस पर शादी का दबाव बनाया और बात न मानने पर उसे तथा उसके भाई को जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने उस वक्त आरोपी को पकड़ भी लिया था, लेकिन बाद में अदालत में छात्रा ने अपने बयान बदल दिए, जिसके चलते उस प्राथमिकी में फाइनल रिपोर्ट लगानी पड़ गई थी। आखिरकार आरोपी ने वही कर दिखाया जिसकी उसने पहले धमकी दी थी।

मैनपुरी में चेन स्नैचिंग का बड़ा खुलासा! पुलिस मुठभेड़ में आरोपी को लगी गोली, कैश और हथियार बरामद

शादीशुदा था आरोपी, तलाक का बना रहा था दबाव

डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे। जब छात्रा ने आरोपी के परिजनों से उसकी हरकतों की शिकायत की, तब पता चला कि अरुण पहले से ही शादीशुदा है। इसके बावजूद आरोपी ने बदतमीजी की और बाद में अपनी पहली पत्नी को तलाक देकर छात्रा से शादी करने की जिद करने लगा। इस बात को लेकर दोनों के बीच तनाव और बढ़ गया था।

सुबह मोबाइल पर आया था संदेश और सीसीटीवी फुटेज

अरुण के छोटे भाई हरिओम ने पुलिस को बताया कि बुधवार की सुबह करीब 9:30 बजे अरुण के मोबाइल पर किसी युवती का एक संदेश आया था, जो अरुण के बारे में पूछ रही थी और उससे बात करने की जिद कर रही थी। इसके कुछ ही देर बाद दोपहर में अरुण के गोली मारकर आत्महत्या करने की दुखद खबर मिली। अरुण की शादी करीब चार साल पहले नोझील-बाजना की रहने वाली एक युवती से हुई थी और उसका दो साल का एक बेटा भी है। उसके परिवार में पिता धर्मवीर सिंह किसान हैं, जबकि दो भाई नौकरी करते हैं।

इस बीच, पुलिस के हाथ एक अहम सीसीटीवी फुटेज भी लगा है। इस फुटेज में छात्रा एक अन्य युवती के साथ स्कूटी पर जाती दिख रही है, जबकि आगे-आगे अरुण अपनी बाइक से चल रहा है। कुछ दूर जाने के बाद छात्रा अपनी स्कूटी को अरुण के पास ही ले जाती है।

महराजगंज में देर रात होटल-ढाबों पर पुलिस का धावा, 97 ठिकानों पर मचा हड़कंप

अनसुलझे सवाल और पुलिस की जांच

घटना के बाद कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं कि क्या युवक ने युवती को बुलाया था या युवती खुद वहां गई थी। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि जब 11 महीने पहले प्राथमिकी दर्ज हो चुकी थी और छात्रा ने खुद मामला दर्ज कराया था, तो उसने कोर्ट में अपने बयान क्यों बदले थे। इसके अलावा, यह सवाल भी अहम है कि आरोपी युवती से मिलने के लिए अवैध तमंचा लेकर क्यों पहुंचा था। पुलिस की शुरुआती आशंका है कि जब युवती ने एक बार फिर उसे परेशान करने से मना किया होगा, तो आवेश में आकर आरोपी ने उस पर गोली चला दी और बाद में खुद को भी समाप्त कर लिया। पुलिस और क्राइम ब्रांच इस पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई हैं।

Location :  Agra

Published :  8 October 2026, 10:57 AM IST