
मुज़फ्फरनगर में छा गई नोटों वाली कांवड़ (Source: Dynamite News)
Muzaffarnagar: सावन माह में चल रही कांवड़ यात्रा के दौरान इस बार एक से बढ़कर एक अनोखी कांवड़ें श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। बुधवार देर रात करीब 11 बजे मुज़फ्फरनगर के ऐतिहासिक शिव चौक पर ऐसी ही एक अनोखी कांवड़ पहुंची, जिसे ₹500 के असली नोटों से सजाया गया था। कांवड़ को देखते ही वहां मौजूद श्रद्धालु और राहगीर रुक गए और कुछ ही देर में उसे देखने वालों की भारी भीड़ जमा हो गई।
दिल्ली के शालीमार गार्डन निवासी शिवभक्त विकास अपने दो साथियों के साथ हरिद्वार की हरकी पैड़ी से पवित्र गंगाजल लेकर दिल्ली की ओर जा रहे हैं। उनकी कांवड़ की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि उसे ₹500-₹500 के असली नोटों से सजाया गया है। शिवभक्त के अनुसार कांवड़ पर कुल ₹7,000 के असली नोट लगाए गए हैं, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
शिवभक्त विकास ने बताया कि यह पहली बार है जब उन्होंने इस तरह की अनोखी कांवड़ तैयार की है। उन्होंने कहा कि वह अपने माता-पिता के अच्छे स्वास्थ्य, लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना के साथ बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करने जा रहे हैं। उनका मानना है कि सच्ची श्रद्धा और विश्वास से की गई प्रार्थना जरूर स्वीकार होती है।
जैसे ही नोटों से सजी कांवड़ शिव चौक पहुंची, "बोल बम" और "हर-हर महादेव" के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मोबाइल फोन से फोटो और वीडियो बनाए। कई लोगों ने शिवभक्त विकास की आस्था और उनकी अनूठी प्रस्तुति की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं।
मुज़फ्फरनगर में कांवड़ यात्रा के दौरान इस बार अलग-अलग थीम पर आधारित कांवड़ें लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं। कोई पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहा है, कोई फिटनेस और स्वास्थ्य का, तो कोई सामाजिक एकता और सेवा भावना का संदेश लेकर चल रहा है। इसी श्रृंखला में ₹500 के नोटों से सजी यह अनोखी कांवड़ भी श्रद्धालुओं और आम लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 30 July 2026, 10:30 AM IST