हिंदी
डीके शिवकुमार (Img- Internet)
Bengaluru: कर्नाटक की राजनीति में बड़ा बदलाव करते हुए कांग्रेस विधायक दल ने वरिष्ठ नेता डीके शिवकुमार को अपना नेता चुन लिया है। इसके साथ ही उनका मुख्यमंत्री बनना तय हो गया है। 3 जून को वह राज्य के 25वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे। मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के साथ ही शिवकुमार देश के सबसे अमीर मुख्यमंत्री भी बन जाएंगे। उनकी घोषित कुल संपत्ति 1,413 करोड़ रुपये है।
एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) द्वारा चुनावी हलफनामों के आधार पर किए गए विश्लेषण के अनुसार डीके शिवकुमार संपत्ति के मामले में देश के सभी मौजूदा मुख्यमंत्रियों से आगे हैं। इस सूची में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू 931 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ दूसरे और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय 648 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर हैं। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू 332 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ चौथे नंबर पर हैं।
डीके शिवकुमार की संपत्ति में पिछले डेढ़ दशक के दौरान उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वर्ष 2008 में उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 75.5 करोड़ रुपये घोषित की थी। यह 2013 में बढ़कर 251 करोड़ रुपये, 2018 में 840 करोड़ रुपये और 2023 में 1,413 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। उनकी कुल अचल संपत्ति करीब 1,140 करोड़ रुपये और चल संपत्ति 273 करोड़ रुपये बताई गई है। हालांकि उन पर 265 करोड़ रुपये का कर्ज भी दर्ज है।
राजनीतिक और कारोबारी गतिविधियों के साथ-साथ शिवकुमार की संपत्ति का बड़ा हिस्सा पैतृक जमीनों और निवेश से जुड़ा है। उनके पास बेंगलुरु, मैसुरु, कनकपुरा और दिल्ली में कई आवासीय संपत्तियां हैं। बेंगलुरु के गोपालपुरा क्षेत्र में उनका एक बड़ा मॉल भी मौजूद है। विशेषज्ञों का मानना है कि पिछले दो दशकों में कर्नाटक में जमीनों की कीमतों में आई तेजी ने उनकी संपत्ति बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
डीके शिवकुमार उन चुनिंदा नेताओं में शामिल हैं जो अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल के लिए भी चर्चा में रहते हैं। उन्हें अंतरराष्ट्रीय लग्जरी ब्रांड्स के उत्पाद पसंद हैं और उनके पास कई महंगी घड़ियों तथा प्रीमियम एक्सेसरीज का संग्रह है। उनकी सार्वजनिक छवि हमेशा एक प्रभावशाली और संसाधन संपन्न नेता की रही है।
ADR के आंकड़ों के अनुसार जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला देश के सबसे कम संपत्ति वाले मुख्यमंत्री हैं। उनकी घोषित संपत्ति करीब 55 लाख रुपये है। वहीं राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की घोषित संपत्ति लगभग 1-1 करोड़ रुपये है। इस तरह देश के मुख्यमंत्रियों के बीच संपत्ति का अंतर काफी बड़ा दिखाई देता है।
Location : Bengaluru
Published : 31 May 2026, 8:28 AM IST