हिंदी
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह का बड़ा एक्शन (IMG: Social Media)
Noida Desk: गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिला। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने डीसीपी ग्रेटर नोएडा प्रवीण रंजन सिंह को उनके पद से हटा दिया। बताया जा रहा है कि विभागीय कार्यों में कमी और लापरवाही मिलने की वजह से यह फैसला लिया गया है।
प्रशासनिक आदेश के तहत वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी रवि शंकर निम को ग्रेटर नोएडा का नया डीसीपी नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह डीसीपी मुख्यालय के पद पर तैनात थे। आदेश जारी होने के बाद उन्होंने नई जिम्मेदारी संभाल ली है और जिले की कानून व्यवस्था एवं पुलिसिंग से जुड़े कार्यों की कमान अपने हाथ में ले ली है।
सूत्रों का कहना है कि प्रवीण रंजन सिंह के कार्यकाल के दौरान कई मामलों के निस्तारण में देरी की शिकायतें सामने आई थी। विभिन्न विभागीय कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने और प्रशासनिक स्तर पर सुस्ती को लेकर समीक्षा की गई थी। इसके बाद पुलिस कमिश्नर ने कार्रवाई करते हुए उन्हें पद से हटाने का निर्णय लिया।
ग्रेटर नोएडा तेजी से विकसित हो रहा क्षेत्र है। जहां कानून व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन, औद्योगिक सुरक्षा और बढ़ती आबादी से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे हैं। ऐसे में नए डीसीपी रवि शंकर निम के सामने अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निस्तारण और पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की चुनौती होगी।
Location : Noida
Published : 17 June 2026, 9:06 AM IST