महाराष्ट्र गृह विभाग का बड़ा एक्शन: ’12वीं फेल’ फेम मनोज शर्मा बने मुंबई के नए जॉइंट CP, देखें पूरी ट्रांसफर लिस्ट

महाराष्ट्र सरकार ने पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए 50 से ज्यादा IPS अधिकारियों के तबादले किए हैं। '12वीं फेल' फिल्म के रियल हीरो मनोज कुमार शर्मा को मुंबई पुलिस का नया जॉइंट कमिश्नर (कानून-व्यवस्था) नियुक्त किया गया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 16 May 2026, 11:08 AM IST

Mumbai: महाराष्ट्र सरकार ने राज्य के प्रशासनिक और सुरक्षा ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बेहद बड़ा और अहम कदम उठाया है। शुक्रवार को गृह विभाग से जारी एक आधिकारिक आदेश के तहत राज्य पुलिस प्रशासन में बड़े पैमाने पर फेरबदल किया गया है। इस आदेश के मुताबिक, एक साथ 50 से अधिक आईपीएस (IPS) अधिकारियों के तबादले कर दिए गए हैं।

मुंबई पुलिस सहित राज्य के कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सरकार के इस कदम को आगामी चुनौतियों को देखते हुए कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।

चर्चा में रहे '12वीं फेल' फेम मनोज शर्मा की नई पोस्टिंग

इस पूरे प्रशासनिक फेरबदल में सबसे ज्यादा सुर्खियां और चर्चा लोकप्रिय आईपीएस अधिकारी मनोज कुमार शर्मा की नियुक्ति को लेकर हो रही है। वर्ष 2005 बैच के जांबाज अधिकारी मनोज कुमार शर्मा को मुंबई पुलिस का नया जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (कानून-व्यवस्था/लॉ एंड ऑर्डर) जैसी बेहद जिम्मेदारी भरी पोस्ट सौंपी गई है। मनोज शर्मा वही अधिकारी हैं, जिनके वास्तविक जीवन के कड़े संघर्ष और सफलता पर आधारित फिल्म '12वीं फेल' ने देश और दुनिया में काफी लोकप्रियता हासिल की थी।

एमपी में 62 आईपीएस अधिकारियों के तबादले, 19 जिलों के एसपी बदले

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के बिलगांव के रहने वाले मनोज शर्मा की शुरुआती पढ़ाई गांव में ही हुई थी। वह बचपन में पढ़ाई में बहुत अच्छे नहीं थे और 12वीं में फेल हो गए थे, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। दिल्ली में रहकर संघर्ष के दिनों में उन्होंने दूसरों के पालतू कुत्ते तक घुमाए, लेकिन अपना आईपीएस बनने का सपना सच कर दिखाया। इससे पहले वह मुंबई में डीसीपी (जोन-1) और एडिशनल कमिश्नर (पश्चिमी क्षेत्र) के रूप में भी बेहतरीन सेवाएं दे चुके हैं।

सत्यनारायण चौधरी समेत कई दिग्गजों के बदले पद

सरकार की इस नई सूची में मुंबई पुलिस के कई अन्य शीर्ष अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं। मुंबई पुलिस की जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (क्राइम) लक्ष्मी गौतम का तबादला कर उन्हें महाराष्ट्र राज्य का स्पेशल इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (IGP) नियुक्त किया गया है। वहीं, कानून-व्यवस्था संभाल रहे जॉइंट कमिश्नर सत्यनारायण चौधरी को अब ट्रैफिक विभाग की कमान सौंपी गई है। दूसरी ओर, अब तक ट्रैफिक विभाग की कमान संभाल रहे अनिल कुंभारे को जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (प्रशासन) की नई जिम्मेदारी दी गई है।

पदोन्नति, नए विंग प्रमुख और आगामी जांच की दिशा

इस फेरबदल में इकोनॉमिक ऑफेंस विंग (EOW) के जॉइंट कमिश्नर निशित मिश्रा और जॉइंट कमिश्नर (प्रशासन) जय कुमार को पदोन्नति (प्रमोशन) देकर स्पेशल इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस बनाया गया है। इनके अलावा स्पेशल IGP रैंक के सात अन्य वरिष्ठ अधिकारियों का भी ट्रांसफर हुआ है, जिनमें दत्ता कराले, प्रवीण पडवाल और सुवेज हक जैसे नाम शामिल हैं।

कौन है आईपीएस सिद्ध नाथ गुप्ता, जिनका गृह मंत्रालय ने चुनाव के बीच बढाया West Bengal DGP का कार्यकाल

मुंबई पुलिस के आंतरिक तंत्र में भी कई बदलाव हुए हैं। एडिशनल कमिश्नर महेश पाटिल और परमजीत सिंह दहिया का ट्रांसफर किया गया है, जबकि तीन डिप्टी कमिश्नर (DCP) दीक्षित गेदम, प्रवीण मुंडे और कृष्णकांत उपाध्याय को नए जोन सौंपे गए हैं। वहीं, 2003 बैच के अनुभवी IPS अधिकारी राजेश प्रधान को मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) का नया प्रमुख बनाया गया है।

Location :  Mumbai

Published :  16 May 2026, 11:08 AM IST