गांव में न स्कूल, न लड़कियों की पढ़ाई का रिवाज… अब दिल्ली की ज़मीन संभालेगी यह धाकड़ IAS अफ़सर

बिना स्कूल वाले गाँव से निकलकर UPSC में 8वीं रैंक लाने वाली IAS वंदना सिंह को केंद्र सरकार ने DDA में कमिश्नर (लैंड मैनेजमेंट) बनाया है। हल्द्वानी हिंसा में कड़ा एक्शन लेने वाली इस अफ़सर का प्रेरणादायक सफ़र जानिए।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 22 July 2026, 10:59 AM IST

Dehradun: उत्तराखंड की चर्चित और तेजतर्रार आईएएस अधिकारी वंदना सिंह चौहान को केंद्र सरकार ने बेहद अहम और बड़ी ज़िम्मेदारी दी है। 2013 बैच की इस अफ़सर को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर दिल्ली बुलाकर दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) में कमिश्नर (लैंड मैनेजमेंट) के पद पर तैनात किया गया है।

सेंट्रल स्टाफिंग स्कीम के तहत उप सचिव स्तर पर हुई यह नियुक्ति अगले चार वर्षों के लिए प्रभावी रहेगी। अब दिल्ली के सबसे मुख्य प्रशासनिक विभागों में से एक की कमान वंदना सिंह के हाथों में होगी।

गांव में स्कूल तक नहीं था, समाज से लड़कर रचा इतिहास

IAS वंदना सिंह का यहां तक पहुंचना आसान नहीं था। हरियाणा के नसरुल्लागढ़ गांव में जन्मीं वंदना के बचपन में गांव के अंदर कोई स्कूल तक नहीं था और लड़कियों की पढ़ाई को बढ़ावा नहीं दिया जाता था।

पद बदला पर नहीं बदला लोगों का प्यार, मिर्जापुर में क्यों आज भी गूंजता है इस महिला IAS का नाम?

वंदना ने सामाजिक रूढ़ियों से डटकर मुकाबला किया। परिवार को मनाकर गुरुकुल से पढ़ाई की और बिना किसी कोचिंग के महज़ 24 साल की उम्र में पहले ही प्रयास में UPSC में पूरे भारत में 8वीं रैंक हासिल कर अपनी प्रशासनिक क्षमता का लोहा मनवाया।

हल्द्वानी हिंसा का मुकाबला और कड़क छवि

उत्तराखंड कैडर मिलने के बाद वंदना सिंह ने रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा और नैनीताल जैसे चुनौतीपूर्ण ज़िलों की कमान सँभाली। नैनीताल की डीएम रहते हुए जब हल्द्वानी में भयानक दंगे और हिंसा भड़की, तो उन्होंने अपनी प्रशासनिक सूझबूझ और सख्त फैसलों से स्थिति को नियंत्रित किया। इस कठिन परीक्षा ने पूरे देश में उनकी एक निडर और कड़क अधिकारी की पहचान बनाई।

राज्य कर विभाग बना ट्रेनिंग सेंटर? जूनियर IAS की बढ़ती तैनाती के खिलाफ अफसरों ने मुख्यमंत्री से लगाई गुहार

पिथौरागढ़ की पहली महिला CDO से केंद्र तक का सफ़र

'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान की ब्रांड एंबेसडर रहीं वंदना सिंह 2017 में पिथौरागढ़ की पहली महिला मुख्य विकास अधिकारी (CDO) बनी थीं। अपने करियर में ट्रांसफर की चुनौतियों से लेकर कृषि एवं योजना विभाग की ज़िम्मेदारियों तक, वंदना ने हर मोड़ पर खुद को साबित किया है। अब उत्तराखंड के पहाड़ों पर अपनी कार्यशैली की छाप छोड़ने के बाद वे दिल्ली के लैंड मैनेजमेंट को नई दिशा देने के लिए तैयार हैं।

Location :  Dehradun

Published :  22 July 2026, 10:59 AM IST