हिंदी
हरियाणा में भारी फेरबदल (Img- Internet)
Chandigarh: हरियाणा सरकार ने राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त और गतिमान करने के उद्देश्य से एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। सरकार ने तत्काल प्रभाव से 18 आईएएस (IAS) और 3 एचसीएस (HCS) अधिकारियों के तबादले और नियुक्ति के आदेश जारी किए हैं। राज्य में पिछले दो दिनों के भीतर यह दूसरा बड़ा फेरबदल है।
इससे ठीक एक दिन पहले सोमवार को भी सरकार ने 6 आईएएस और 18 एचसीएस अधिकारियों के ट्रांसफर किए थे। इस ताजा फेरबदल में जींद और चरखी दादरी के जिला उपायुक्त (DC) बदल दिए गए हैं, जबकि कई सीनियर अधिकारियों को महत्वपूर्ण अतिरिक्त कार्यभार सौंपे गए हैं।
नए आदेशों के तहत जिलों की कमान में बड़ा बदलाव किया गया है। अब मनदीप कौर को चरखी दादरी की नई जिला उपायुक्त (DC) नियुक्त किया गया है, वे इससे पहले मानव संसाधन विभाग की निदेशक व विशेष सचिव के पद पर थीं। वहीं, डॉ. वैशाली शर्मा को जींद जिले का नया उपायुक्त (DC) बनाया गया है।
जींद के वर्तमान उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा का तबादला करते हुए उन्हें अब निदेशक व विशेष सचिव (मानव संसाधन विभाग) की नई और अहम जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा चरखी दादरी के वर्तमान उपायुक्त डॉ. मुनीश नागपाल को विशेष सचिव (स्थापना सचिवालय) के पद पर तैनात किया गया है।
इस फेरबदल में कई वरिष्ठ नौकरशाहों के विभागों में विस्तार किया गया है। नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे वरिष्ठ आईएएस पंकज यादव को सहयोग विभाग, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग का प्रधान सचिव तथा हरियाणा भवन नई दिल्ली में प्रिंसिपल रेजीडेंट कमिश्नर नियुक्त किया गया है। वहीं फरीदाबाद के मंडलायुक्त संजय जून को मेवात विकास एजेंसी के चेयरमैन का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।
इसके अलावा हिसार की मंडलायुक्त गीता भारती को हिसार महानगर विकास प्राधिकरण के सीईओ का अतिरिक्त जिम्मा मिला है। कैथल की उपायुक्त अपराजिता अब अपने वर्तमान पद के साथ-साथ मत्स्य विभाग की अतिरिक्त सचिव का काम भी संभालेंगी।
प्रशासनिक सूची के अनुसार, ए मोना श्रीनिवास को व्यापार मेला प्राधिकरण की मुख्य प्रशासक, डॉ. प्रियंका सोनी को ग्रीवेंसिज डिपार्टमेंट की विशेष सचिव, और धर्मेंद्र सिंह को हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के मुख्य प्रशासक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। मनोज कुमार को हरियाणा परिवार सुरक्षा न्यास का सीईओ और अजय कुमार को सेवा विभाग के निदेशक के साथ मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के मिशन निदेशक का अतिरिक्त जिम्मा दिया गया है। वीरेंद्र कुमार दहिया को हरियाणा का नया परिवहन निदेशक बनाया गया है, जबकि समवर्तक सिंह खांगवाल को सूचना, तकनीकी, इलेक्ट्रॉनिक्स और संचार विभाग का अतिरिक्त सचिव व निदेशक नियुक्त किया गया है।
राजस्थान में आधी रात को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 17 IPS अधिकारियों के तबादले, 7 जिलों के बदले गए SP
आईएएस अफसरों के साथ-साथ तीन एचसीएस (HCS) अधिकारियों को भी नई तैनाती दी गई है। प्रदीप अहलावत (HCS) को उनके वर्तमान पद के साथ-साथ हैफेड के सचिव और विजिलेंस ऑफिसर का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। वहीं, शुभम (HCS) को सिटी मजिस्ट्रेट रोहतक नियुक्त किया गया है और नीलम मेहरा (HCS) को एचएसवीपी अंबाला में संपदा अधिकारी की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। सरकार के इन कदमों से साफ है कि वह चुनावी साल या प्रशासनिक कसावट के तहत अपनी टीम को नए सिरे से तैनात कर रही है।
Location : Chandigarh
Published : 27 May 2026, 11:29 AM IST