
योगी आदित्यनाथ और अवनीश अवस्थी
Lucknow: लखनऊ के सत्ता गलियारों में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फैसला चर्चा का विषय बन गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सबसे भरोसेमंद अफसर माने जाने वाले अवनीश कुमार अवस्थी का कार्यकाल एक साल के लिए और बढ़ा दिया गया है। अब वे 28 फरवरी 2027 तक मुख्य सलाहकार के पद पर बने रहेंगे। इस फैसले के बाद ब्यूरोक्रेसी से लेकर सियासी हलकों तक हलचल तेज हो गई है और इसे सीधे तौर पर योगी सरकार के प्रशासनिक भरोसे से जोड़कर देखा जा रहा है।
रिटायरमेंट के बाद भी कायम रहा दबदबा
आईएएस अवनीश अवस्थी योगी सरकार में अपर मुख्य सचिव जैसे अहम पद पर रह चुके हैं और कानून-व्यवस्था से लेकर बड़े प्रशासनिक फैसलों तक उनकी भूमिका हमेशा चर्चा में रही। रिटायर होने के बाद भी उन्हें मुख्यमंत्री का प्रशासनिक सलाहकार बनाया गया था, जो इस बात का संकेत था कि सरकार उनके अनुभव को छोड़ना नहीं चाहती। अब कार्यकाल बढ़ाए जाने के फैसले ने यह साफ कर दिया है कि योगी सरकार आने वाले समय में भी उन्हें अपनी रणनीतिक टीम का अहम हिस्सा बनाए रखना चाहती है।
फैसले के सियासी मायने भी निकाले जा रहे
राजनीतिक जानकार इस फैसले को 2027 के विधानसभा चुनाव से जोड़कर भी देख रहे हैं। माना जा रहा है कि प्रशासनिक पकड़ मजबूत रखने और बड़े फैसलों में निरंतरता बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। अवनीश अवस्थी को सिस्टम में मजबूत पकड़ वाला अफसर माना जाता है और मुख्यमंत्री के साथ उनकी ट्यूनिंग भी काफी बेहतर बताई जाती है। यही वजह है कि रिटायरमेंट के बाद भी उन्हें लगातार जिम्मेदारी दी जा रही है।
Location : Lukcnow
Published : 27 February 2026, 2:04 PM IST