हिंदी
उत्तराखंड सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया है। शासन ने शुक्रवार को 20 वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यस्थल में बदलाव किया है। नए आदेश के तहत तीनों मैदानी जिलों- देहरादून, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (SSP) को बदल दिया गया है।
उत्तराखंड में आईपीएस अधिकारियों के तबादले
Dehradun: उत्तराखंड में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 20 वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल के तहत कई जिलों में नए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) और पुलिस अधीक्षकों की तैनाती की गई है, जिससे पुलिस व्यवस्था में नई ऊर्जा और कार्यकुशलता आने की उम्मीद जताई जा रही है।
राजधानी देहरादून में तैनात विशेष कार्यबल (STF) के वरिष्ठ अधिकारी नवनीत भुल्लर को अब हरिद्वार जिले का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नियुक्त किया गया है। उनसे जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने तथा अपराध नियंत्रण में प्रभावी भूमिका निभाने की अपेक्षा की जा रही है।

वहीं, हरिद्वार में एसएसपी के पद पर कार्यरत प्रमेंद्र डोभाल को अब देहरादून का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की जिम्मेदारी अब उनके कंधों पर होगी। इसके अतिरिक्त प्रदेश की विशेष कार्यबल (STF) की कमान एक बार फिर अजय सिंह को सौंपी गई है, जो प्रदेश स्तर पर संगठित अपराध और विशेष मामलों की निगरानी करेंगे।
STF में तैनात नवनीत सिंह को हरिद्वार की कमान सौंपी गई है। वहीं ऊधम सिंह नगर में भी सुखवंत सुसाइड केस के बाद लगातार विवादों में रहे मणिकांत मिश्रा का भी ट्रांसफर हुआ है। मणिकांत की जगह अब अजय गणपति कुमार को ऊधम सिंह नगर का नया SSP नियुक्त किया गया है।
मणिकांत मिश्रा को पुलिस अधीक्षक अभिसूचना और प्रदीप कुमार राय को CID में जिम्मेदारी दी गई है। इन नियुक्तियों को राज्य में अपराध की रोकथाम, संगठित गिरोहों की निगरानी और संवेदनशील गतिविधियों पर खुफिया नजर मजबूत करने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। PAC, IRB और अन्य इकाइयों में भी बदलाव कर पुलिस ढांचे को अधिक प्रभावी बनाने की कोशिश की गई है।
इस प्रशासनिक फेरबदल के अंतर्गत जितेंद्र मेहरा को बागेश्वर जिले की कमान सौंपी गई है। इसके अलावा कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं, जिससे पुलिस विभाग में कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
जिलों में पुलिस नेतृत्व को मजबूत करने के लिए अक्षय प्रहलाद कोंडे को पिथौरागढ़, रेखा यादव को चम्पावत और निहारिका तोमर को रुद्रप्रयाग का पुलिस अधीक्षक (SP) बनाया गया है। जितेंद्र कुमार मेहरा को बागेश्वर भेजा गया है। इसके साथ ही चंद्रशेखर आर. घोड़के को अल्मोड़ा का SSP बनाया गया है।
PTI के CEO और एडिटर-इन-चीफ विजय जोशी पहुंचे डाइनामाइट न्यूज़ ऑफिस, कहा- संस्थान की साख सर्वोपरि
सरकार का मानना है कि इस बड़े स्तर के फेरबदल से पुलिस प्रशासन में तेजी आएगी और आम जनता को बेहतर सुरक्षा एवं सेवाएं मिल सकेंगी। नई तैनाती के बाद सभी अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने की अपेक्षा की गई है।