
बीमार बच्चे अस्पताल में भर्ती (फोटो सोर्स-इंटरनेट) )
Saharsa, Bihar: बिहार के सहरसा जिले में मिड-डे मील खाने के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने का गंभीर मामला सामने आया है। महिषी प्रखंड के राजकीय मध्य विद्यालय, बलुआहा में परोसे गए दाल-चावल में एक मरा हुआ सांप मिलने से 250 से अधिक बच्चे बीमार हो गए। घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई और बच्चों को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों और सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के मुताबिक, बच्चों ने गुरुवार को मिड-डे मील खाने के कुछ देर बाद पेट दर्द, उल्टी और चक्कर आने की शिकायत शुरू की। इसी दौरान जब खाने के बर्तन की जांच की गई तो उसमें एक छोटा मरा हुआ सांप बरामद हुआ। सांप देख बच्चों और स्टाफ के होश उड़ गए। देखते ही देखते बीमार बच्चों की संख्या बढ़ गई और स्कूल परिसर चीख-पुकार से भर गया। ग्रामीणों की मदद से बच्चों को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्रों में पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय हो गईं। सभी बच्चों को प्राथमिक उपचार के लिए महिषी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर हालत वाले करीब 100 बच्चों को बेहतर इलाज के लिए सहरसा सदर अस्पताल रेफर किया गया। सिविल सर्जन डॉ राजनारायण प्रसाद ने अतिरिक्त डॉक्टर और बेड की व्यवस्था की। डॉक्टरों के अनुसार, प्राथमिक रूप से यह ‘फूड पॉइजनिंग’ का मामला लगता है, लेकिन समय पर इलाज मिलने से अधिकांश बच्चों की हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।
घटना की खबर फैलते ही बच्चों के परिजन स्कूल और अस्पताल पहुंच गए। आक्रोशित परिजनों ने मिड-डे मील उपलब्ध कराने वाली संस्था पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना था कि खाने की गुणवत्ता की कभी जांच नहीं की जाती और इसी वजह से आज बच्चों की जान खतरे में पड़ गई। जिलाधिकारी दीपेश कुमार और एसपी ने मौके पर आकर परिजनों को शांत कराया और आश्वासन दिया कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।
Bihar Cabinet Expansion: चौधरी मंत्रिमंडल विस्तार 7 अप्रैल को, युवाओं को मिल सकता मौका
सहरसा जिला प्रशासन ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा कि खाने में सांप कैसे पहुंचा और इसके लिए कौन जिम्मेदार है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि मिड-डे मील की व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त की जाए और भोजन बनाने वाली संस्थाओं पर कड़ी निगरानी रखी जाए।
Location : Saharsa, Bihar
Published : 8 May 2026, 3:40 PM IST
Topics : Bihar News food poisoning Mid Day Meal school Snake