हिंदी
पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम पर तेजस्वी का तंज (Img- Internet)
Patna: आम जनता पर महंगाई का बोझ एक बार फिर बढ़ गया है। बिहार समेत देशभर में शनिवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिर से बढ़ोतरी दर्ज की गई है। तेल विपणन कंपनियों की ओर से जारी की गई नई दरें शुक्रवार आधी रात से ही पूरे देश में प्रभावी हो चुकी हैं। नई कीमतों के मुताबिक, इस बार पेट्रोल के दाम में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 91 पैसे प्रति लीटर का बड़ा इजाफा किया गया है।
इस बढ़ोतरी के बाद बिहार की राजधानी पटना में पेट्रोल की कीमत 110.16 रुपये से छलांग लगाकर 111.11 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गई है, जबकि डीजल भी 96.19 रुपये से बढ़कर 97.14 रुपये प्रति लीटर के स्तर पर आ गया है।
तेल की कीमतों में हुए इस इजाफे के बाद देश और राज्य में सियासत का पारा चढ़ गया है। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और वर्तमान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस मुद्दे को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला है। तेजस्वी यादव ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक पोस्ट साझा करते हुए केंद्र सरकार की नीतियों को आड़े हाथों लिया।
उन्होंने लिखा, "जनविरोधी और पूंजीपरस्त एनडीए सरकार ने विगत 10 दिनों के भीतर तेल की कीमतों में लगभग पांच रुपये की भारी वृद्धि कर दी है, जो सीधे तौर पर 50 पैसे प्रतिदिन बैठती है। जनता यह जान ले कि अभी तेल के दामों में और बढ़ोतरी होना शेष है।"
तेजस्वी यादव ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की कीमतों का हवाला देते हुए सरकार की नीयत पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जब वैश्विक बाजार में कच्चा तेल बेहद सस्ता था, तब भी यह सरकार आम जनता की जेब काटकर सिर्फ निजी तेल कंपनियों को मोटा मुनाफा कमा कर दे रही थी और आज भी वही खेल चल रहा है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जो भाव कच्चे तेल का साल 2014 में था, अब वर्तमान में उससे भी बहुत कम है, लेकिन इसके बावजूद देश में पेट्रोल-डीजल के दाम दोगुने हो चुके हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में जनता को भयंकर महंगाई झेलनी पड़ेगी, जिससे गरीबी और बेरोजगारी और विकराल रूप लेगी।
यूपी में पेट्रोल के दामों में उतार-चढ़ाव, कई जिलों में राहत तो कहीं बढ़ी कीमतें
सरकार की प्राथमिकताओं पर तंज कसते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि देश की बुनियादी समस्याओं से ध्यान भटकाने का काम लगातार जारी है। उन्होंने लिखा, "नफ़रत का कारोबार, भाषणबाजी, रील्स और एंटरटेनमेंट के लिए जिसे चुना था, वो फुल इंटरटेनमेंट जनता को मिलता रहेगा।"
तेजस्वी ने आगे कहा कि नौकरी, गरीबी, महंगाई, बेरोजगारी, कृषि, गांव-किसान, शिक्षा-स्वास्थ्य और देश की अर्थव्यवस्था जैसे गंभीर विषयों पर गहन विचार-विमर्श करने की बजाय इस सरकार का पूरा फोकस संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग, हेडलाइन मैनेजमेंट, हिंदू-मुस्लिम, मंदिर-मस्जिद, गाय-गोबर और शहरों व स्थलों के नाम बदलने पर केंद्रित रहेगा।
Location : Patna
Published : 23 May 2026, 3:32 PM IST