बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा जाना चाहते हैं, लेकिन उनकी पार्टी जेडीयू (JDU) के कार्यकर्ता कुछ और ही कहानी बयां कर रहे हैं। कार्यकर्ता बेहद खफा हैं कि नीतीश कुमार के साथ साजिश हुई है।आखिर किसने की है ये साजिश?

नीतीश कुमार (Img- Internet)
Patna: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भले ही ट्वीट के जरिये खुद राज्यसभा जाने की इच्छा जताई है लेकिन उनकी पार्टी जेडीयू (JDU) के कार्यकर्ताओं को लग रहा है कि उन्हें सीएम पद से हटाने की साजिश की गई है। नाराज कार्यकर्ताओं ने सीएम आवास के बाहर हंगामा खड़ा कर दिया है। वहां धक्का-मुक्की का महौल चल रहा है। जेडीयू कार्यकर्ताओं का कहना है कि राज्यसभा जाना है, तो नीतीश के बेटे निशांत कुमार जाएं। हम लोग इसका स्वागत करेंगे, लेकिन नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के हम लोग खिलाफ हैं।
JDU कार्यकर्ता इस कदर आक्रोशित हैं कि उन्होंने अपनी ही पार्टी के एक विधायक की गाड़ी पर हमला कर दिया और उन्हें मुख्यमंत्री आवास में जाने से रोक दिया। विधायक और पुलिसकर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की की खबरें हैं। कार्यकर्ताओं के तीव्र आक्रोश को देखते हुए विधायक ने मुख्यमंत्री आवास के बाहर से ही निकल जाना बेहतर समझा।
बिहार में आज (05 मार्च, 2026) को राज्यसभा के लिए नामाकंन का आखिरी दिन है। जेडीयू के नाराज कार्यकर्ता सुबह-सुबह सीएम आवास के बाहर जुट गए। वे प्रदर्शन कर रहे हैं। कार्यकर्ता खफा हैं कि नीतीश कुमार के खिलाफ साजिश की गई है। नाराज कार्यकर्ताओं का आरोप है कि शराब माफिया और पार्टी के कुछ नेताओं की लॉबी नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद से हटवाकर दिल्ली भेजना चाहती है, यह राज्य के लिए बहुत बुरा होगा।
जेडीयू कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास के बाहर नारेबाजी कर विरोध जता रहे हैं। इस दौरान जेडीयू के एक नेता राजीव रंजन पटेल तो फूट-फूटकर रोने लगे। उन्होंने कहा, "नीतीश कुमार के अलावा कोई और मंजूर नहीं। " प्रदर्शन करने पहुंचे जेडीयू नेता ने कहा, "जो कल खबरों में चला है कि मुख्यमंत्री जी दिल्ली जाएंगे, उसके चलते किसी के घर होली नहीं मनी है। जेडीयू और बिहार के लोगों ने होली नहीं मनाई है। हम लोगों की होली खराब कर दी गई।"
जेडीयू नेता ने कहा, "हम लोग हर हाल में नीतीश कुमार को ही मुख्यमंत्री देखना चाहते हैं। बिहार की जनता और बिहार के कार्यकर्ताओं ने खून-पसीना एक करके नीतीश कुमार को 2025 से 30 के लिए जनादेश दिया है, बीच में छोड़ने के लिए नहीं। हम लोग उनके राज्यसभा जाने के खिलाफ हैं। निशांत कुमार राज्यसभा जाएं, तो हम लोग स्वागत करते हैं। हम लोग नहीं चाहते हैं कि बिहार की बागडोर किसी दूसरे के हाथ में जाए। "