Bihar: गंडक नदी में फ्लैश फ्लड का खतरा, प्रशासन ने संभाला मोर्चा, NDRF-SDRF अलर्ट

नेपाल में आयी महाप्रलय के बाद बिहार में गंडक नदी पर मंडरा रहे फ्लैश फ्लड के खतरे को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। तिब्बत में ग्लेशियर झील विस्फोट (GLOF) के बाद संभावित बाढ़ की आशंका को देखते हुए सरकार ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 27 August 2026, 2:02 AM IST

West Champaran: तिब्बत क्षेत्र में ग्लेशियर झील विस्फोट यानी GLOF के बाद बिहार में गंडक नदी के आसपास संभावित फ्लैश फ्लड को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। स्थिति से निपटने के लिए बुधवार को आपदा प्रबंधन विभाग में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में दो स्तरों पर अहम समीक्षा बैठक हुई।

सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक हुई। इसके बाद शाम 7:30 बजे मुख्य सचिव ने मुजफ्फरपुर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण और वैशाली के जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों के साथ सीधे तैयारियों की समीक्षा की।

बैठक में आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल, जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह और आपदा प्रबंधन विभाग के संयुक्त सचिव अविनाश कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों को SOP यानी Standard Operating Procedure के अनुसार सभी तैयारियां समय पर पूरी रखने का निर्देश दिया।

मुख्य सचिव ने दिये ये निर्देश

उन्होंने कहा कि संभावित फ्लैश फ्लड की स्थिति में राहत और बचाव कार्य में किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए। संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी, पर्याप्त राहत सामग्री और जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा गया है। खास तौर पर तटबंधों की निगरानी को लेकर प्रशासन को रातभर अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है।

चौकीदारों और होमगार्ड के जवानों को लगातार पेट्रोलिंग करने को कहा गया है। वहीं NDRF और SDRF की टीमें भी अलर्ट मोड पर रहेंगी, ताकि जरूरत पड़ने पर लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके।

Video: “तेजस्वी और सम्राट साथ बैठें…” प्रशांत किशोर की 10वीं वाली अनोखी चुनौती ने बिहार राजनीति में मचाया हड़कंप

लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया

पश्चिम चंपारण के जिलाधिकारी ने बैठक में बताया कि संभावित फ्लैश फ्लड को देखते हुए तटबंध के आसपास के इलाकों में माइकिंग कराई गई और 5 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

प्रशासन के मुताबिक फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन जलस्तर बढ़ने की स्थिति में लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था तैयार है। राहत केंद्र और कम्युनिटी किचन के लिए स्थान चिन्हित किए जा चुके हैं। इन केंद्रों से मेडिकल टीमों को भी जोड़ा गया है। तटबंधों पर चौकीदारों और होमगार्ड जवानों की निगरानी लगातार जारी है।

बिहार में शराबबंदी को ठेंगा, यूपी से तस्करी! GRP ने चोपन स्टेशन पर पिड्डू बैग के साथ दबोचा तस्कर

प्रशासन की अपील

मुख्य सचिव ने लोगों से पैनिक नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। लोगों से अपील है कि अफवाह और फेक न्यूज पर भरोसा न करें।

किसी भी सूचना को आगे बढ़ाने से पहले उसकी पुष्टि जरूर करें और केवल जिला प्रशासन तथा आपदा प्रबंधन विभाग जैसे आधिकारिक एवं विश्वसनीय स्रोतों से मिलने वाली जानकारी पर ही भरोसा करें।

Location :  West Champaran

Published :  27 August 2026, 1:54 AM IST