हिंदी
अपनी मां के साथ पीएम मोदी
New Delhi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने कड़ा विरोध जताया है। इसी क्रम में NDA ने 4 सितंबर 2025 को बिहार बंद का ऐलान किया है। यह बंद सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक रहेगा। सभी NDA घटक दलों के प्रदेश अध्यक्षों ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस फैसले की जानकारी दी।
NDA नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री की मां को लेकर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल न केवल राजनीतिक मर्यादा का उल्लंघन है, बल्कि पूरे देश की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य है। उन्होंने मांग की कि इस अपमानजनक बयान के लिए संबंधित व्यक्ति सार्वजनिक रूप से माफी मांगे।
बिहार बंद के दौरान आवश्यक सेवाओं को बंद से मुक्त रखा जाएगा, ताकि आम जनता को किसी तरह की परेशानी न हो। NDA ने अपने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें और लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराएं। पुलिस और प्रशासन से भी सहयोग करने की अपील की गई है।
दरअसल, वर्तमान बिहार सियासी परिदृश्य में एक विवाद ने हलचल मचा दी है। दरभंगा में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वर्गवासी मां के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की गई। यह घटना तुरंत राजनीतिक गर्मागर्मी का कारण बनी। भाजपा और एनडीए ने इसे लोकतंत्र और समाज की मातृसंस्कृति पर हमला करार देते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी। इसे लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी पहली प्रतिक्रिया में कहा कि यह घटना केवल व्यक्तिगत अपमान नहीं, बल्कि “देश की हर मां, बहन और बेटी का अपमान” है। उन्होंने राकेश यादव से जुड़े मंच को आड़े हाथों लिया।
वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस टिप्पणी को “अत्यंत अशोभनीय” बताया और इसकी निंदा की। वहीं बीजेपी के बिहार अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल भावूक हो उठे और उन्होंने इसे लोकमान्य मातृत्व और लोकतंत्र का अपमान करार दिया। मंगलवार को भाजपा के नेतृत्व में सभी एनडीए सहयोगियों ने 4 सितंबर को बिहार बंद का ऐलान किया। बंद सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगा, जिसमें आपातकालीन सेवाएं और रेल सेवाएं बरकरार रहेंगी। इस बंद का नेतृत्व राज्य में महिला मोर्चा करेगी।
बता दें कि दरभंगा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपित मो. रिजवी उर्फ राजा को गिरफ्तार किया और उस पर FIR दर्ज की गई है। साथ ही अन्य संदिग्द्धों की तलाश में छापेमारी भी जारी है।
Location : New Delhi
Published : 2 September 2025, 3:49 PM IST
Topics : Bihar Bandh Bihar News mother NDA PM Narendra Modi