हिंदी
पटना में महिलाओं का शक्ति प्रदर्शन (Img- Internet)
Patna: नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित नहीं होने को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की महिला ब्रिगेड ने विपक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बड़ी संख्या में महिलाएं सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रही हैं और महिला आरक्षण की मांग को लेकर आवाज बुलंद कर रही हैं।
पटना के कारगिल चौक पर हजारों की संख्या में महिलाएं एकत्रित हुईं। उनके हाथों में तख्तियां और पोस्टर थे, जिन पर विपक्ष के खिलाफ नारे लिखे थे। “नारी शक्ति की झूठी कहानी, कांग्रेस की आदत पुरानी” जैसे नारों के जरिए महिलाओं ने अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि विपक्ष महिलाओं के अधिकारों को दबाने की कोशिश कर रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री लाजवंती झा ने विपक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम को पारित नहीं होने देना विपक्ष की हठधर्मिता का परिणाम है। उनके अनुसार कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने न केवल इस बिल का विरोध किया, बल्कि इसे रोकने के बाद जश्न भी मनाया। उन्होंने कहा कि इसी के विरोध में NDA की महिलाएं सड़कों पर उतरी हैं।
पटना पुलिस के हत्थे चढ़ा जाली नोट सप्लायर, 2.25 लाख कैश बरामद, मास्टरमाइंड अब भी फरार
भाजपा विधायक और प्रसिद्ध गायिका मैथिली ठाकुर ने भी इस प्रदर्शन में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि अब केवल वादों से काम नहीं चलेगा, बल्कि महिलाओं को उनका अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि 33 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं का हक है और इसे लेकर ही रहेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि जब महिलाएं एकजुट होती हैं, तो बड़े से बड़ा अवरोध भी खत्म हो जाता है।
महिला मोर्चा की ओर से कहा गया कि यह बिल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच का हिस्सा है, जिससे महिलाओं का सामाजिक और राजनीतिक सशक्तिकरण संभव था। संगठन का मानना है कि 33 प्रतिशत आरक्षण से महिलाओं को राजनीति में अधिक भागीदारी मिलती और समाज में उनका उत्थान होता।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि विपक्ष की संकीर्ण मानसिकता के कारण देश की महिलाओं को एक ऐतिहासिक अवसर से वंचित होना पड़ा है। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले समय में महिलाएं इसका जवाब देंगी। इस प्रदर्शन के जरिए NDA की महिला ब्रिगेड ने साफ संदेश दिया है कि महिला आरक्षण के मुद्दे पर वे पीछे हटने वाली नहीं हैं।
Location : Patna
Published : 20 April 2026, 11:00 AM IST