हिंदी
आरोपी पति (Image: Social Media)
Bihar News: बिहार के नालंदा जिले के राजगीर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। माली टोला में शनिवार सुबह एक पति ने अपनी 65 वर्षीय पत्नी की धारदार चाकू से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति खुद थाने पहुंच गया और पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने जो बातें कहीं, उससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। उसने कहा कि पत्नी की बातों से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया और यहां तक कह दिया कि अगर 30 साल पहले ही पत्नी को मार दिया होता तो आज यह नौबत नहीं आती।
चाकू से हमला कर पत्नी की हत्या
मृतका की पहचान बच्ची देवी के रूप में हुई है। वारदात राजगीर के माली टोला में हुई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पति गिन्नी मालाकार को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा लग रहा है। हालांकि, जमीन विवाद समेत अन्य पहलुओं को भी जांच के दायरे में रखा गया है। पुलिस हत्या में इस्तेमाल हथियार और घटना से जुड़े सबूत जुटा रही है।
आरोपी बोला- पत्नी देती थी भाभी से संबंध का ताना
पूछताछ के दौरान आरोपी गिन्नी मालाकार ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी अक्सर उस पर अपनी भाभी के साथ अवैध संबंध होने का आरोप लगाकर ताना मारती थी। वह कई सालों से यह बातें सुनकर परेशान था। गिन्नी ने बताया कि शनिवार को भी पत्नी ने उसे गाली दी और पुराने आरोपों को लेकर ताना मारा। इसी बात को लेकर उसका गुस्सा बढ़ गया। उसने कमरे में रखा चाकू उठाया और पत्नी पर हमला कर दिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि हमला करने के बाद उसे यह अंदाजा नहीं था कि पत्नी की मौत हो गई है। इसके बाद वह खुद थाने पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी दी।
पानी गिराने को लेकर भी हुआ था विवाद
आरोपी पति ने पुलिस को बताया कि शनिवार सुबह वह चापाकल से बाल्टी में पानी भर रहा था। इसी दौरान पत्नी बच्ची देवी ने उसका पानी गिरा दिया। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। इसी बीच उनका बेटा भी मौके पर पहुंच गया और पिता के साथ मारपीट करने लगा। आरोपी का कहना है कि जब बेटा उसकी पिटाई कर रहा था तो पत्नी ने उसका बचाव नहीं किया, जिससे वह और ज्यादा आक्रोशित हो गया।
बेटे ने पिता के दावे को बताया झूठा
वहीं, मृतका के बेटे उपेंद्र मालाकार ने पिता के आरोपों को खारिज कर दिया है। बेटे का कहना है कि उसकी मां की हत्या अचानक हुए विवाद का नतीजा नहीं थी, बल्कि यह सोची-समझी साजिश थी। उपेंद्र ने बताया कि उसकी मां सुबह दूध लाने के लिए घर से निकल रही थी। इसी दौरान उसके पिता ने पहले से घात लगाकर धारदार हथियार से हमला कर दिया। उसने आरोप लगाया कि उसके पिता अक्सर जमीन अपने नाम करवाने को लेकर परिवार में विवाद करते थे। बेटे का दावा है कि जमीन के लालच में ही उसकी मां की हत्या की गई।
जमीन विवाद के एंगल से भी जांच कर रही पुलिस
गिन्नी मालाकार राजगीर स्थित विरायतन में प्लंबर और इलेक्ट्रिशियन का काम करते थे। रिटायर होने के बाद वह घर पर ही रहते थे। परिजनों ने बताया कि विरायतन के पास करीब एक एकड़ छह डिसमिल जमीन है, जो पति-पत्नी दोनों के नाम पर है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कहीं जमीन विवाद हत्या की असली वजह तो नहीं बना। डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया। शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है।
Location : Bihar
Published : 8 August 2026, 6:54 PM IST