Khan Sir सरेंडर करेंगे या होगी गिरफ्तारी? आज कोर्ट और पुलिस की कार्रवाई पर टिकी सबकी नजर

पटना में खान सर उर्फ फैजल खान को लेकर सस्पेंस चरम पर है। फायरिंग मामले में एफआईआर के बाद पुलिस ने विशेष टीम बनाई है। आज सरेंडर, गिरफ्तारी या अग्रिम जमानत- क्या होगा अगला बड़ा कदम? पूरे घटनाक्रम पर लोगों की नजरें टिकी हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 8 June 2026, 8:56 AM IST

Patna: बिहार के चर्चित शिक्षाविद और यूट्यूब टीचर खान सर उर्फ फैजल खान की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। पटना स्थित उनकी कोचिंग के बाहर हुए फायरिंग मामले में दर्ज एफआईआर के बाद पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। शुक्रवार शाम एफआईआर दर्ज होने के कुछ घंटों बाद से ही खान सर सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं। ऐसे में सोमवार का दिन उनके लिए अहम माना जा रहा है, क्योंकि संभावना जताई जा रही है कि वह पटना सिविल कोर्ट में सरेंडर कर सकते हैं या फिर पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर सकती है।

गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने बनाई विशेष टीम

खान सर की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पटना पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पटना एसएसपी के निर्देश पर एक विशेष 5 सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। इस टीम में टाउन डीएसपी-1, टाउन डीएसपी-2, कदमकुआं थाना प्रभारी, पीरबहोर थाना प्रभारी और गांधी मैदान थाना प्रभारी को शामिल किया गया है।

सील हो जाएगा Khan Sir का कोचिंग सेंटर? फायर सेफ्टी जांच के बाद प्रशासन ने थमाई सख्त चेतावनी

पुलिस अधिकारियों को मामले की निगरानी करने और आगे की कार्रवाई को अंजाम देने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। फायरिंग और आर्म्स एक्ट से जुड़े इस मामले में अब तक गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस की कार्यशैली को लेकर भी सवाल उठ रहे थे। इसके बाद पुलिस ने सक्रियता बढ़ाते हुए विशेष टीम गठित की है।

कोर्ट परिसर में बढ़ाई गई सुरक्षा

फैजल खान उर्फ खान सर के खिलाफ दर्ज एफआईआर के बाद पटना सिविल कोर्ट में भी हलचल तेज हो गई है। सोमवार को उनके वकीलों की ओर से अग्रिम जमानत यानी एंटीसिपेटरी बेल के लिए याचिका दाखिल की जा सकती है।

संभावित कानूनी कार्रवाई और सुरक्षा संबंधी पहलुओं को देखते हुए कोर्ट परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। अदालत आने-जाने वाले लोगों पर भी नजर रखी जा रही है। प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क दिखाई दे रहा है।

एफआईआर के बाद से सामने नहीं आए खान सर

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम एफआईआर दर्ज होने के बाद से खान सर सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं। पुलिस उन्हें तलाश रही है, लेकिन अब तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इसी वजह से उनके भूमिगत होने या पुलिस की नजर से दूर रहने की चर्चा तेज हो गई है।

सूत्रों के अनुसार, पुलिस फिलहाल उनके सरेंडर की संभावना पर भी नजर बनाए हुए है। ऐसे में सोमवार को अदालत में उनकी मौजूदगी या पुलिस की कार्रवाई इस पूरे मामले की दिशा तय कर सकती है।

Khan Sir News: कोचिंग सेंटर पर फायरिंग और FIR के बाद एक्शन में पुलिस, अब पुराने दिनों को लेकर शुरू हुई नई बहस

जमानत याचिका पर टिकी सबकी नजर

फायरिंग और कोचिंग विवाद से जुड़े इस मामले में खान सर के वकील सोमवार को अग्रिम जमानत की याचिका दाखिल कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि शनिवार को भी उनके वकील सिविल कोर्ट पहुंचे थे, लेकिन किसी कारणवश याचिका दाखिल नहीं हो सकी थी।

उधर, पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। साथ ही फायर सेफ्टी टीम ने भी संबंधित कोचिंग संस्थान की जांच की है। अब सभी की निगाहें सोमवार को होने वाली अदालत की कार्यवाही और पुलिस के अगले कदम पर टिकी हैं।

Location :  Patna

Published :  8 June 2026, 8:56 AM IST