हिंदी
फायरिंग कांड के बीच एक और झटका
Patna : बिहार के चर्चित शिक्षक Khan Sir की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। एक ओर फायरिंग मामले की जांच उन्हें कानूनी घेरे में ला रही है, तो दूसरी ओर उनके कोचिंग संस्थान की सुरक्षा व्यवस्था पर प्रशासन की नजरें टेढ़ी हो गई हैं। हालात ऐसे बन गए हैं कि अब KGS कोचिंग सेंटर पर कार्रवाई की तलवार भी लटकने लगी है।
खान ग्लोबल स्टडीज (KGS) के एक सेंटर में अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच के दौरान कुछ खामियां सामने आई हैं। बिहार अग्निशमन सेवा ने इंस्टिट्यूट को इन कमियों को जल्द दूर करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों का साफ कहना है कि अगर नियमों का पालन नहीं किया गया तो सख्त कदम उठाए जा सकते हैं।
यही नहीं, नियमों की अनदेखी जारी रहने पर कोचिंग सेंटर को सील करने जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है। इस चेतावनी के बाद इंस्टीट्यूट मैनेजमेंट की चिंताएं बढ़ गई हैं।
हाल के दिनों में मुजफ्फरपुर के एक अस्पताल में लगी भीषण आग ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था। इस दर्दनाक घटना के बाद प्रशासन ने सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा शुरू कर दी है। कोचिंग संस्थान, अस्पताल और अन्य भीड़भाड़ वाले भवन अब जांच एजेंसियों के रडार पर हैं। ऐसे में KGS कोचिंग सेंटर की भी जांच की गई, जहां कुछ जरूरी सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठे।
फायर सेफ्टी का मामला ऐसे वक्त सामने आया है, जब खान सर पहले से ही फायरिंग विवाद को लेकर सुर्खियों में हैं। पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित सेंटर के बाहर कुछ दिन पहले हंगामा, पथराव और गोलीबारी की घटना हुई थी। शुरुआत में आरोप बाहर के लोगों पर लगाए गए, लेकिन बाद में सामने आए वीडियो ने कहानी को नया मोड़ दे दिया।
पुलिस के हाथ लगे इस वीडियो में कोचिंग सेंटर के दो गार्ड हथियार चलाते दिखाई दिए। इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और उनके हथियार जब्त कर लिए गए। जांच के दौरान दिए गए बयानों के आधार पर पुलिस ने FIR में खान सर का नाम भी शामिल कर लिया।
फिलहाल एक तरफ फायरिंग मामले की जांच जारी है, तो दूसरी तरफ फायर सेफ्टी को लेकर प्रशासन की निगाहें KGS पर टिकी हैं। कानूनी मोर्चे पर खान सर अग्रिम जमानत की तैयारी में बताए जा रहे हैं। ऐसे में आने वाले दिन यह तय करेंगे कि बिहार के चर्चित शिक्षक के लिए यह दौर राहत लेकर आएगा या नई चुनौतियां।
Location : patna
Published : 7 June 2026, 9:50 AM IST