खान सर को बेल या जेल? पटना कोचिंग फायरिंग मामले में अग्रिम जमानत याचिका पर सिविल कोर्ट में आज अहम सुनवाई

पटना कोचिंग फायरिंग मामले में खान ग्लोबल स्टडीज के निदेशक खान सर की अग्रिम जमानत याचिका पर आज पटना सिविल कोर्ट में सुनवाई होगी। कोर्ट दोनों गिरफ्तार सुरक्षा गार्डों की जमानत पर भी आज ही अपना फैसला सुनाएगा।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 9 June 2026, 8:08 AM IST
google-preferred

Patna: पटना के चर्चित कोचिंग फायरिंग और तोड़फोड़ मामले में 'खान ग्लोबल स्टडीज' के निदेशक फैजल खान उर्फ खान सर की अग्रिम जमानत याचिका पर आज पटना सिविल कोर्ट में सुनवाई होनी है। इसके साथ ही, इस मामले में जेल में बंद उनके दो सुरक्षा गार्डों की जमानत याचिका पर भी अदालत आज अपना फैसला सुनाएगी।

सोमवार को दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने गार्ड्स की जमानत पर आदेश सुरक्षित रख लिया था। आज की सुनवाई खान सर के भविष्य और उनकी संभावित गिरफ्तारी को लेकर बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

विपक्षी वकील ने किया जमानत का विरोध

पटना सिविल कोर्ट में सुनवाई के दौरान 'ज्ञान बिंदु' कोचिंग संस्थान के वकील ने खान सर की जमानत याचिका का कड़ा विरोध किया है। विपक्षी वकील का आरोप है कि खान सर के इशारे पर इरादतन गोलीबारी की गई थी।

दूसरी ओर, FIR दर्ज होने के 5 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस अभी तक खान सर तक नहीं पहुंच सकी है। खान सर के ठिकानों को लेकर लगातार अटकलों का बाजार गर्म है, लेकिन पुलिस की तरफ से उनकी लोकेशन को लेकर कोई भी आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।

खान सर को ढूंढते-ढूंढ़ते पटना पुलिस पहुंची नोएडा, अब होगा दूध का दूध और पानी का पानी

वकील का दावा

खान सर के अधिवक्ता अरविंद कुमार मव्वार ने सोमवार को अग्रिम जमानत के लिए ऑनलाइन आवेदन दिया था। उनका आरोप है कि पुलिस ने बिना किसी ठोस वजह के खान सर के खिलाफ संगीन धाराएं लगा दी हैं। वकील ने दलील दी कि लाइसेंसी हथियार से केवल सुरक्षा के उद्देश्य से हवाई फायरिंग की गई थी, जिसमें कोई भी घायल नहीं हुआ था। ऐसे में इस घटना पर आर्म्स एक्ट का मामला नहीं बनता। उन्होंने साफ कहा कि खान सर सरेंडर नहीं करेंगे और उन्हें केवल बदनाम करने व फंसाने की नीयत से इस मामले में घसीटा गया है।

क्या है पूरा विवाद और क्यों हुई FIR?

यह पूरा विवाद बीते 2 जून को 'खान ग्लोबल स्टडीज' कोचिंग सेंटर पर हुए हमले, तोड़फोड़ और भारी हंगामे से शुरू हुआ था। इस हमले का आरोप प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान 'ज्ञान बिंदु' के संचालक रौशन आनंद पर लगा था, जो खान सर की शिकायत के बाद फिलहाल जेल में हैं।

पटना से अचानक गायब हुए खान सर! ताबड़तोड़ छापेमारी में लगी SIT, जानें पूरा अपडेट

हालांकि, इस घटना के बाद 'ज्ञान बिंदु' की ओर से एक वीडियो जारी किया गया, जिसमें खान सर के सुरक्षा गार्ड्स सरेआम फायरिंग करते नजर आए। वीडियो की जांच और गार्ड्स के बयान के आधार पर पुलिस ने इस मामले में खान सर को भी नामजद अभियुक्त बनाते हुए एफआईआर दर्ज की थी।

Location :  Patna

Published :  9 June 2026, 8:08 AM IST

Advertisement