मोदी-शाह की मौजूदगी में होगा सम्राट मंत्रिमंडल का विस्तार… जानें कौन कौन शामिल

पटना के गांधी मैदान में एनडीए सरकार के कैबिनेट विस्तार का भव्य शपथ ग्रहण समारोह आज होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह और कई शीर्ष नेता कार्यक्रम में शामिल होंगे। कुल 32 मंत्री शपथ लेंगे, जिनमें बीजेपी, जेडीयू, एलजेपी(आर) और HAM के नेता शामिल हैं। सबसे ज्यादा चर्चा नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की एंट्री को लेकर है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 7 May 2026, 12:30 PM IST

Patna: बिहार में स्थित पटना का ऐतिहासिक गांधी मैदान आज राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन का केंद्र बनने जा रहा है, जहां मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार का बहुप्रतीक्षित कैबिनेट विस्तार होगा।

दोपहर करीब 12:30 बजे शुरू होने वाले इस भव्य शपथ ग्रहण समारोह में कुल 32 मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है। मंच पर देश की शीर्ष राजनीतिक हस्तियों का जमावड़ा रहेगा, जिससे यह कार्यक्रम और भी महत्वपूर्ण बन गया है।

पीएम मोदी और दिग्गज नेताओं का जमावड़ा

इस कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं, जो विशेष विमान से पटना पहुंचेंगे और गांधी मैदान तक रोड शो करते हुए समारोह में शामिल होंगे। उनके साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और जेपी नड्डा जैसे बड़े नेता मौजूद रहेंगे।

इसके अलावा चिराग पासवान, ललन सिंह, जीतनराम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा जैसे एनडीए के प्रमुख चेहरे भी मंच साझा करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदगी भी राजनीतिक संदेश को और मजबूत करेगी।

Patna News: नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन, वारदात में इस्तेमाल कार जब्त

32 मंत्रियों की सूची तय, कई नए और पुराने चेहरे शामिल

सूत्रों के अनुसार इस कैबिनेट विस्तार में कुल 32 मंत्री शपथ लेंगे। बीजेपी, जेडीयू, एलजेपी(आर), HAM और RLM के विधायकों को शामिल किया गया है। बीजेपी से राम कृपाल यादव, विजय कुमार सिन्हा और नीतीश मिश्रा जैसे वरिष्ठ नेता सूची में हैं। वहीं जेडीयू से श्रवण कुमार, लेसी सिंह, मदन सहनी और श्वेता गुप्ता जैसे नए-पुराने चेहरे शामिल किए गए हैं। एलजेपी(आर), HAM और RLM को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है, जिससे गठबंधन संतुलन स्पष्ट दिखाई देता है।

निशांत कुमार समेंत 32 मंत्री शपथ लेंगे

बीजेपी के मंत्री

  1. राम कृपाल यादव
  2. केदार गुप्ता
  3. नीतीश मिश्रा
  4. मिथलेश तिवारी
  5. रमा निषाद
  6. विजय कुमार सिन्हा
  7. दिलीप जायसवाल
  8. प्रमोद चंद्रवंशी
  9. लखविंदर पासवान
  10. संजय टाइगर
  11. इंजीनियर कुमार शैलेन्द्र
  12. नंद किशोर राम
  13. रामचंद्र प्रसाद
  14. अरुण शंकर प्रसाद

JDU के मंत्री

  1. निशांत कुमार
  2. श्रवण कुमार
  3. मदन सहनी
  4. लेसी सिंह
  5. श्वेता गुप्ता
  6. भगवान सिंह कुशवाहा
  7. दामोदर रावत
  8. बुलो मंडल
  9. सुनील कुमार
  10. शीला मंडल
  11. रत्नेश सदा
  12. जमा खान
  13. अशोक चौधरी

LJP(RV) के मंत्री

  1. संजय पासवान
  2. संजय सिंह

HAM के मंत्री

  1. संतोष सुमन

RLM के मंत्री

  1. दीपक प्रकाश

निशांत कुमार की एंट्री बनी सबसे बड़ा आकर्षण

इस पूरे शपथ ग्रहण समारोह में सबसे ज्यादा चर्चा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार को लेकर है, जो पहली बार मंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। उनके नाम ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है और इसे एनडीए की रणनीतिक चाल के रूप में देखा जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, उन्हें मनाने में वरिष्ठ नेताओं की अहम भूमिका रही। यह कैबिनेट विस्तार युवा और अनुभवी नेतृत्व के संतुलन के साथ नए राजनीतिक समीकरणों की ओर इशारा कर रहा है।

Location :  Patna

Published :  7 May 2026, 12:27 PM IST