हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Img- Pinterest)
Jamui: खाकी वर्दी का रौब जब किसी मासूम की जिंदगी तबाह करने पर आमादा हो जाए, तो कानून की चौखट ही एकमात्र सहारा बचती है। बिहार के जमुई जिले में तैनात दारोगा (सब-इंस्पेक्टर) कुंदन कृष्णा पर एक 22 वर्षीय युवती ने धोखेबाज़ी और उत्पीड़न के सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। फरवरी 2026 में फेसबुक से शुरू हुई दोस्ती जल्द ही फोन कॉल और वॉट्सऐप के जरिए प्यार के रिश्ते में तब्दील हो गई।
प्यार का यकीन दिलाने के लिए आरोपी दारोगा ने 13 फरवरी को मुंगेर के पीर पहाड़ और फिर प्रसिद्ध चंडिका स्थान मंदिर में युवती की मांग में सिंदूर भरकर शादी रचा ली, जिसकी पूरी घटना मंदिर के सीसीटीवी कैमरों में दर्ज होने का दावा किया गया है।
शादी के पवित्र रिश्ते का झांसा देकर आरोपी दारोगा युवती को मुंगेर, जमालपुर और बेगूसराय के अलग-अलग नामचीन होटलों में ले जाता रहा। आरोपों के मुताबिक, जमालपुर के विनायक होटल और बेगूसराय के राधा स्वामी होटल के कमरों में युवती का लगातार शारीरिक शोषण किया गया, जिसके पुख्ता सबूत होटल के रजिस्टरों और सीसीटीवी फुटेज में मौजूद हैं।
अपने रिश्ते को सच्चा दिखाने के लिए दारोगा ने युवती को पार्लर खोलने के लिए 15 हजार रुपये दिए और वट सावित्री व्रत पर पैसे व साड़ी भी दी। लेकिन जब भी युवती अपने अधिकार मांगती, दारोगा बड़े भाई की शादी के बाद उसे घर ले जाने का बहाना बनाकर टाल देता था।
मामले में खौफनाक मोड़ तब आया जब 10 जुलाई को युवती ने साथ रहने की जिद पकड़ी। आरोप है कि दारोगा ने उसे जमुई बुलाकर एक किराए के मकान में जबरन शारीरिक संबंध बनाए और अगले दिन 11 जुलाई को साफ कह दिया "5 लाख रुपये लो और मुंगेर वापस लौट जाओ, मेरी शादी दूसरी जगह तय हो चुकी है।"
जब पीड़िता ने इसका कड़ा विरोध किया तो खाकी का रौब दिखाते हुए उसे चंद्रदीप थाने ले जाया गया, जहां दारोगा ने अपने पद की धौंस जमाते हुए उसके साथ बुरी तरह मारपीट और गाली-गलौज की।
बिहार का वो सीक्रेट लोक नृत्य, जहां मर्दों की एंट्री पर है बैन! रातभर सजती है महिलाओं की महफिल
स्थानीय स्तर पर जमुई के थानों और एसपी दफ्तर में सुनवाई न होने पर पीड़िता ने हार नहीं मानी और राज्य महिला आयोग समेत पटना पुलिस मुख्यालय को शिकायत भेजी।
महिला आयोग के सख्त हस्तक्षेप और मुंगेर एसपी के कड़े रुख के बाद बुधवार को मुंगेर महिला थाने में आरोपी दारोगा कुंदन कृष्णा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया। महिला थानाध्यक्ष कृति कुमारी ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर जांच तेज कर दी गई है और होटलों व मंदिरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
Location : Jamui
Published : 3 September 2026, 10:47 AM IST
Topics : Bihar News Hindi Bihar News bihar police crime news