2nd Phase Voting in Bihar: बिहार में 20 जिलों की 122 सीटों पर वोटिंग जारी, कई दिग्गजों की किस्मत दांव पर, जानिये ताजा अपडेट

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे और अंतिम चरण में आज सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है। इस चरण में 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदाता अपने प्रतिनिधियों का चयन कर रहे हैं। सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच वोटिंग शांतिपूर्ण माहौल में जारी है। पढ़ते रहें पल-पल का अपडेट

Post Published By: Subhash Raturi
Updated : 11 November 2025, 7:44 AM IST
    The liveblog has ended.

    LIVE NEWS & UPDATES

    • 11 Nov 2025 05:19 PM (IST)

      जमुई में मतदान के दौरान दो समुदायों में झड़प, पत्थरबाजी में युवक घायल

      जमुई विधानसभा क्षेत्र के झुंडों गांव में मतदान के दौरान दो समुदायों में विवाद हिंसक रूप ले लिया। पत्थरबाजी में विशाल कुमार नामक युवक घायल हो गया और कई घरों को नुकसान पहुंचा। स्थानीय महिलाओं ने आरोप लगाया कि एक समुदाय ने घरों में घुसकर तोड़फोड़ की। मौके पर चुनाव अधिकारी और प्रशासनिक दल स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए तैनात हैं।

    • 11 Nov 2025 04:56 PM (IST)

      बढ़े वोटिंग % पर तेजस्वी यादव बोले: मेरे बिहार ने किया कमाल

      बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में बढ़ी हुई वोटिंग पर तेजस्वी यादव ने खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग, महिलाएं, युवा, व्यापारी और किसान सभी ने लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी दिखाई। तेजस्वी ने सभी बिहारवासियों से मतदान करने की अपील की और कहा कि प्रत्येक वोट भविष्य को स्वर्णिम बनाने में सहायक है।

    • 11 Nov 2025 04:04 PM (IST)

      दोपहर 3 बजे तक 60.40% वोटिंग

      बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण में आज 122 सीटों पर मतदान जारी है। दोपहर 3 बजे तक 60.40% मतदान दर्ज किया गया, जो पहले फेज से 6.63% अधिक है। मतदाता अपने लोकतांत्रिक अधिकार का उपयोग करने उत्साहित हैं। चुनावी मैदान में यह बढ़ी हुई उपस्थिति राजनीतिक पार्टियों और पर्यवेक्षकों के लिए महत्वपूर्ण संकेत है।

    • 11 Nov 2025 02:42 PM (IST)

      किशनगंज में कमर तक पानी में डूबकर वोट करने पहुंचे लोग

      बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में किशनगंज के मतदाताओं ने हिम्मत और लोकतंत्र के प्रति समर्पण की मिसाल पेश की है। टेढ़ागाछ प्रखंड के चिल्हनियां पंचायत में लोगों को वोट देने के लिए कमर तक पानी पार करना पड़ा। नदी और जलभराव की बाधाओं के बावजूद लोग मतदान केंद्र तक पहुंचे। कठिन परिस्थितियों में भी मतदाताओं का यह जोश चुनावी माहौल को खास बना रहा है।

    • 11 Nov 2025 02:35 PM (IST)

      पहचान छिपाकर वोट डालने पहुंचे तीन युवक रंगे हाथ पकड़े गए

      बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में मोतिहारी के ढाका क्षेत्र से फर्जी मतदान का मामला सामने आया है। कुंडवाचैनपुर थाना क्षेत्र के हसीबुल्ला, सुल्तान अहमद और आसिफ अनवर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तीनों पर आरोप है कि वे किसी और की पहचान के सहारे वोट डालने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और पूछताछ जारी है।

    • 11 Nov 2025 02:27 PM (IST)

      बिहार में 1 बजे तक 47.62% मतदान दर्ज

      बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में आज 20 जिलों की 122 सीटों पर वोटिंग जारी है। दोपहर 1 बजे तक 47.62% मतदान दर्ज किया गया है, जो पहले फेज की तुलना में करीब 6% ज्यादा है। मुस्लिम बहुल किशनगंज में सबसे ज्यादा 51.86% मतदान हुआ है। मतदाता लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।

    • 11 Nov 2025 01:25 PM (IST)

      भागलपुर में पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने परिवार संग किया मतदान

      भागलपुर में पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने अपने परिवार के साथ मतदान किया। उन्होंने कहा कि सुबह से ही मतदान केंद्रों पर जनता का उत्साह देखने को मिल रहा है। अश्विनी चौबे ने दावा किया कि इस बार बिहार में NDA 200 से अधिक सीटें जीतकर सरकार बनाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए ज्यादा से ज्यादा मतदान करें।

    • 11 Nov 2025 01:16 PM (IST)

      अररिया में चुनावी बवाल

      अररिया जिले के फारबिसगंज विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी और कांग्रेस समर्थकों के बीच तीखी झड़प हुई। पार्टी झंडे और वाहन पर लगे लोगो को लेकर शुरू हुई बहस बवाल में बदल गई। स्थिति बिगड़ने पर सुरक्षाकर्मियों को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा, जिसके बाद माहौल शांत हुआ। एसडीओ रंजीत कुमार रंजन ने बताया कि प्रशासन ने हालात पर पूरी तरह काबू पा लिया है।

    • 11 Nov 2025 01:12 PM (IST)

      जहानाबाद के घोसी विधानसभा के बूथ नंबर-220 पर मारपीट, दो घायल

      जहानाबाद जिले की घोसी विधानसभा के बूथ नंबर-220 पर मतदान के दौरान दो पक्षों में मारपीट हो गई। घटना में दो लोग घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने तुरंत अस्पताल भेजा। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक महिला समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है। घटना के बाद मतदान केंद्र को सुरक्षा कारणों से छावनी में बदल दिया गया है।

    • 11 Nov 2025 01:01 PM (IST)

      अरवल में मतदान ड्यूटी के दौरान पीठासीन पदाधिकारी की मौत

      अरवल विधानसभा क्षेत्र के मनेरी बिगहा मतदान केंद्र पर चुनाव ड्यूटी के दौरान एक पीठासीन पदाधिकारी की मौत हो गई। मतदान केंद्र संख्या 189 पर तैनात शिक्षक अरविंद कुमार की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सहकर्मी अधिकारियों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना से चुनावी माहौल में शोक की लहर है, प्रशासन ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।

    • 11 Nov 2025 12:53 PM (IST)

      सुपौल में कोसी रेंज के DIG मनोज कुमार ने बूथों का किया निरीक्षण

      सुपौल में कोसी रेंज के DIG मनोज कुमार ने मतदान के दौरान विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था और मतदान प्रक्रिया की बारीकी से समीक्षा की। DIG ने पुलिस अधिकारियों को सतर्क और मुस्तैद रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान प्रशासन की पहली प्राथमिकता है।

    • 11 Nov 2025 12:41 PM (IST)

      मोतिहारी: DM और SP ने किया मतदान, जनता से भी की वोट देने की अपील

      मोतिहारी में जिला प्रशासन के शीर्ष अधिकारी भी लोकतंत्र के उत्सव में शामिल हुए। जिलाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) ने अपने मतदान केंद्र पर जाकर वोट डाला। दोनों अधिकारियों ने लोगों से मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है।

    • 11 Nov 2025 12:33 PM (IST)

      रोहतास गांव में पंचायत भवन न बनने से नाराज ग्रामीणों ने किया मतदान से इंकार

      रोहतास जिले के चेनारी विधानसभा क्षेत्र में पंचायत भवन निर्माण विवाद के कारण ग्रामीणों ने वोट बहिष्कार कर दिया। बूथ संख्या 204 पर सुबह से एक भी मतदाता मतदान केंद्र नहीं पहुंचा। ग्रामीणों का आरोप है कि उनका पंचायत भवन दूसरे गांव में बना दिया गया। अधिकारियों से बार-बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने पर लोगों ने मतदान न करने का फैसला लिया।

    • 11 Nov 2025 12:26 PM (IST)

      DGP विनय कुमार: बिहार में मतदान के दौरान पूरी तरह चौकसी, सुरक्षा अलर्ट जारी

      बिहार में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान को लेकर DGP विनय कुमार ने सुरक्षा की स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि राज्य में हर जगह संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए सख्त चेकिंग की गई है। दिल्ली में हालिया घटना के बाद पुलिस पूरी तरह से अलर्ट है। DGP ने भरोसा दिलाया कि आज का मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होगा।

    • 11 Nov 2025 12:15 PM (IST)

      जहानाबाद: मतदान के दौरान दो गुटों में झड़प

      जहानाबाद में विधानसभा मतदान के दौरान दो गुटों के बीच झड़प हुई। इसमें 4 लोग घायल हो गए हैं। बताया जाता है कि वोट डालने को लेकर बूथ संख्या 220 दो दलों के कार्यकर्ता भिड़ गए। बाद में पुलिस ने मामले को शांत कराया।

    • 11 Nov 2025 12:10 PM (IST)

      अचानक JDU ऑफिस पहुंचे नीतीश कुमार

      बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अचानक JDU कार्यालय पहुंचे। इससे पहले उन्होंने सांसद ललन सिंह के घर का दौरा कर मतदान का फीडबैक लिया। नीतीश कुमार अपने नेताओं के साथ वोटिंग के हालात और मतदाताओं की भागीदारी का जायजा ले रहे हैं।

    • 11 Nov 2025 12:04 PM (IST)

      पूर्णिया: फैशन डिजाइनर नीतीश चंद्रा ने मां के साथ किया मतदान

      पूर्णिया में फैशन डिजाइनर और मोटिवेशनल स्पीकर नीतीश चंद्रा अपनी मां मंजू सिंह के साथ मतदान केंद्र पहुंचे। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने बेहतर बिहार के लिए वोट किया है। मतदाताओं से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि यदि अभी तक वोट नहीं डाला है तो तुरंत मतदान केंद्र पहुंचें।

    • 11 Nov 2025 11:56 AM (IST)

      दूसरे चरण में बंपर वोटिंग, जानिए अब तक कहां-कितना प्रतिशत हुआ मतदान

      बिहार में दूसरे चरण में भी बंपर वोटिंग हो रही है। सुबह 11 बजे तक 31.38 प्रतिशत हुआ है। निर्वाचन आयोग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, पश्चिम चंपारण में 32.39%, पूर्वी चंपारण में 31.16%, शिवहर में 31.58%, सीतामढ़ी में 29.81%, मधुबनी में 28.66%, सुपौल में 31.69%, अररिया में 31.88%, किशनगंज में 34.79%, पूर्णिया में 32.94%, कटिहार में 30.83%, भागलपुर में 29.08%, बांका में 32.91%, कैमूर (भभुआ) में 31.98%, रोहतास में 29.80%, अरवल में 31.87%, जहानाबाद में 30.36%, औरंगाबाद में 32.88%, गया में 34.07%, नवादा में 29.02% और जमुई में 33.69% मतदान दर्ज किया गया है। आंकड़े बताते हैं कि दूसरे चरण में मतदाता उत्साह पहले फेज के समान ही उच्च है।

    • 11 Nov 2025 11:47 AM (IST)

      प्रशांत किशोर ने अपने गांव में डाला वोट

      रोहतास जिले के करगहर विधानसभा क्षेत्र में अपने पैतृक गांव कोनार पहुंचकर प्रशांत किशोर ने मतदान किया। उन्होंने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाई। स्थानीय लोग और समर्थक उनके इस कदम को सराह रहे हैं।

    • 11 Nov 2025 11:37 AM (IST)

      सुबह 11 बजे तक 31.38% मतदान, पहले फेज से बढ़त

      बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में 122 सीटों पर सुबह 11 बजे तक 31.38% मतदान दर्ज हुआ। यह आंकड़ा पहले फेज के मुकाबले 1.24 फीसदी अधिक है।

    • 11 Nov 2025 11:29 AM (IST)

      नवादा में मतदान के दौरान राजनीतिक दलों के समर्थकों में झड़प

      नवादा जिले के वारिसलीगंज क्षेत्र में विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण में मतदान के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के समर्थकों के बीच मामूली झड़प हुई। नवादा एसपी अभिनव धिमन ने बताया कि घटना मतदान केंद्र से डेढ़ किलोमीटर दूर हुई और पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने अफवाहों को खारिज करते हुए कहा कि क्षतिग्रस्त वाहन निजी वाहन था, सरकारी नहीं। हालांकि सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल हुआ है, लेकिन इसकी सत्यता स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी।

    • 11 Nov 2025 11:18 AM (IST)

      गया: बीजेपी मंत्री डॉ. प्रेम कुमार साइकिल से मतदान केंद्र पहुंचे

      गया टाउन से बीजेपी के वरिष्ठ नेता और मंत्री प्रेम कुमार साइकिल से अपने मतदान केंद्र पहुंचे। उन्होंने मतदान करके लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लिया। स्थानीय लोगों ने उनके इस सरल और प्रभावशाली अंदाज की सराहना की।

    • 11 Nov 2025 11:08 AM (IST)

      गया में एक प्रसूता ने एंबुलेंस से पहुंचकर डाला वोट

      गया जिले के बेलागंज विधानसभा क्षेत्र के कुरी सराय बूथ पर एक महिला मतदाता ने सभी का ध्यान खींचा। बीती रात उसने सरकारी अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया था। सुबह एंबुलेंस में नवजात शिशु के साथ मतदान केंद्र पहुंचकर उसने अपना वोट डाला। यह घटना लोकतंत्र के प्रति जागरूकता और निष्ठा की प्रेरक मिसाल बनी।

    • 11 Nov 2025 11:03 AM (IST)

      सुपौल में ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ वोट डालने पहुंचे बुजुर्ग

      सुपौल जिले में एक बुजुर्ग मतदाता ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ अपने मतदान केंद्र पहुंचे। उन्होंने स्वास्थ्य की चुनौतियों के बावजूद लोकतंत्र में अपनी भूमिका निभाई। स्थानीय लोग उनके जोश और जज्बे की सराहना कर रहे हैं।

    • 11 Nov 2025 10:54 AM (IST)

      भागलपुर-मुंगेर सीमा पर कड़ी सुरक्षा, सख्त चेकिंग जारी

      भागलपुर और मुंगेर जिले की सीमा पर चुनाव को लेकर कड़ी सुरक्षा और सख्त चेकिंग की जा रही है। सुरक्षा बलों ने वाहनों और व्यक्तियों की जांच में तैनाती बढ़ा दी है। इस कदम का मकसद शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करना है। स्थानीय प्रशासन ने मतदाता और नागरिकों से सहयोग की अपील की है।

    • 11 Nov 2025 10:44 AM (IST)

      नवादा में 110 साल की बुजुर्ग ने किया मतदान

      नवादा जिले में 110 साल की बुजुर्ग महिला ने अपने मतदान केंद्र पर पहुँचकर वोट डाला। उनकी यह पहल लोकतंत्र के प्रति सम्मान और सक्रियता को दर्शाती है। स्थानीय लोगों ने बुजुर्ग मतदाता के उत्साह की सराहना की।

    • 11 Nov 2025 10:35 AM (IST)

      रोहतास: करगहर में वोट बहिष्कार जारी, प्रशासन ने लिया संज्ञान

      रोहतास जिले के करगहर विधानसभा क्षेत्र के लड्डूई बिशनपुरा गांव में वोट बहिष्कार जारी है। बूथ संख्या 175 और 176 पर मतदाताओं ने मतदान का बहिष्कार किया। प्रशासनिक अधिकारियों को इस मामले की जानकारी मिल चुकी है। आगे की कार्रवाई के लिए प्रशासन मौके पर स्थिति का आकलन कर रहा है।

    • 11 Nov 2025 10:27 AM (IST)

      ज्योति सिंह के होटल में देर रात प्रशासन की छापेमारी

      भोजपुरी स्टार पवन सिंह की पत्नी और काराकाट विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार ज्योति सिंह के होटल में देर रात प्रशासन ने छापेमारी की। ज्योति सिंह ने इसे राजनीतिक उत्पीड़न और षड्यंत्र करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि छापेमारी बिना किसी महिला पुलिस फोर्स के की गई। पुलिस प्रशासन ने अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

    • 11 Nov 2025 10:18 AM (IST)

      औरंगाबाद: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ई-रिक्शा से मतदान केंद्र पहुंचे

      औरंगाबाद में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और उम्मीदवार राजेश राम ने अपने मतदान केंद्र पर पहुँचकर मतदान किया। उन्होंने ई-रिक्शा का इस्तेमाल करते हुए मतदान केंद्र तक का सफर तय किया। राजेश राम ने इस अंदाज में मतदान कर लोगों को अपने निर्वाचित होने के प्रति उत्साहित किया।

    • 11 Nov 2025 10:15 AM (IST)

      Bihar Election Live: 9 बजे तक का मतदान प्रतिशत

      अररिया- 15.34, अरवल- 14.95, औरंगाबाद- 15.43, बांका- 15.14, भागलपुर- 13.43, गया- 15.97, जहानाबाद- 13.81, जमूई- 15.77, कैमूर- 15.08, कटिहार- 13.77, किशनगंज- 15.81, मधुबनी- 13.25, नवादा- 13.46, पश्चिम चंपारण- 15.04, पूर्णिया- 15.54, पूर्वी चंपारण- 14.11, रोहतास- 14.16 , श्योहर- 13.94, सीतामढ़ी- 13.49, सुपौल- 14.85

    • 11 Nov 2025 10:09 AM (IST)

      बेतिया में मंत्री रेणु देवी ने किया मतदान, बोलीं- इस बार NDA जीतेंगे सभी 9 सीटें

      बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान आज कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जारी है। बेतिया से छठी बार चुनाव लड़ रहीं मंत्री रेणु देवी ने भी अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदान किया। साधारण मतदाता की तरह कतार में खड़ी होकर उन्होंने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लिया। मतदान के बाद उन्होंने दावा किया कि NDA इस बार पश्चिम चंपारण की सभी 9 सीटें जीतने जा रहा है।

    • 11 Nov 2025 09:37 AM (IST)

      दूसरे चरण के मतदान में शुरुआती उत्साह, 9 बजे तक 14.55% वोटिंग

      बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण में सुबह 9 बजे तक कुल 14.55% मतदान दर्ज हुआ। इससे पता चलता है कि मतदाता सुबह से ही अपने मताधिकार का प्रयोग करने सक्रिय हैं।

    • 11 Nov 2025 09:30 AM (IST)

      नवादा में महागठबंधन के कौशल यादव ने परिवार संग किया मतदान

      नवादा से महागठबंधन के उम्मीदवार कौशल यादव ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण में अपना मतदान किया। उन्होंने यह जिम्मेदारी अपने परिवार के साथ मिलकर निभाई। कौशल यादव ने मतदान के दौरान लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया।

    • 11 Nov 2025 09:23 AM (IST)

      पटना में राजद नेता मृत्युंजय तिवारी ने दूसरे चरण के मतदान पर जताया उत्साह

      पटना से राजद नेता मृत्युंजय तिवारी ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के मतदान पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि पहले चरण में जनता ने बढ़-चढ़कर मतदान किया था। दूसरे चरण में भी मतदाताओं के बीच वही उत्साह और जोश देखा जा रहा है।

    • 11 Nov 2025 09:17 AM (IST)

      जहानाबाद में पूर्व सांसद अरुण कुमार ने किया मतदान

      जहानाबाद के घोसी विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 46 पर पूर्व सांसद अरुण कुमार ने अपना मताधिकार निभाया। उन्होंने अपने पैतृक गांव मनियावा में माता कमला जी की पूजा-अर्चना के बाद मतदान किया। अरुण कुमार ने बताया कि उन्होंने विकास और सुशासन के मुद्दों को ध्यान में रखते हुए वोट दिया।

    • 11 Nov 2025 09:12 AM (IST)

      सीतामढ़ी सांसद देवेश चंद्र ठाकुर ने किया मतदान

      सीतामढ़ी के सांसद देवेश चंद्र ठाकुर ने बिहार विधान सभा चुनाव के दूसरे चरण में अपना मतदान किया। उन्होंने अपने वोट के माध्यम से लोकतंत्र की प्रक्रिया में भाग लिया। सांसद ने लोगों से भी मतदान करने की अपील की।

    • 11 Nov 2025 09:07 AM (IST)

      पूर्णिया में पप्पू यादव ने डाला वोट

      पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने बिहार विधान सभा चुनाव के दूसरे चरण में अपना मतदान किया। उन्होंने कई बूथों पर मतदाताओं पर लाठीचार्ज और मशीन खराब होने की घटनाओं की ओर ध्यान दिलाया। पप्पू यादव ने कहा कि लोकतंत्र में यह गलत है और सीमांचल कोसी क्षेत्र के साथ सरकार की नीतियाँ खड़ी रहती हैं।

    • 11 Nov 2025 09:00 AM (IST)

      जहानाबाद में महिला वोटर से कहा गया हिजाब हटाएं

      बिहार के जहानाबाद में Phase-2 मतदान के दौरान एक महिला वोटर से गेट पर ही हिजाब हटाने को कहा गया। महिला ने यह मांग अस्वीकार कर दी और कहा कि इतने सारे लोगों के सामने हिजाब उठाना सही नहीं होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह वोटिंग बूथ पर पहचान के लिए हिजाब उठा सकती हैं।

    • 11 Nov 2025 08:53 AM (IST)

      सुपौल डीएम ने कोसी कॉलोनी में मतदान किया

      बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण में सुपौल जिले में मतदान जारी है। जिलाधिकारी सावन कुमार ने वार्ड 21 प्राथमिक विद्यालय, कोसी कॉलोनी में मतदान किया। डीएम ने सुपौल वासियों से अपील की कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। उन्होंने कहा कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और मतदान शांतिपूर्ण तरीके से करें।

       

    • 11 Nov 2025 08:44 AM (IST)

      जमुई के चकाई बूथ 334 पर EVM खराब, अभी तक नहीं शुरू हुआ मतदान

      बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में जमुई जिले के चकाई बूथ संख्या 334 पर मतदान शुरू नहीं हो पाया। बताया जा रहा है कि ईवीएम खराब होने के कारण वोटिंग बाधित है। मतदाताओं को मतदान केंद्र पर इंतजार करना पड़ रहा है। प्रशासन ने बताया कि तकनीकी समस्या का समाधान कर जल्द मतदान शुरू कराया जाएगा।

    • 11 Nov 2025 08:39 AM (IST)

      प्रियंका गांधी का बिहार मतदान पर अपील

      बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में प्रियंका गांधी ने मतदाताओं से मतदान की अपील की। कांग्रेस सांसद ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि सभी लोग लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय रूप से भाग लें। उन्होंने नौकरी, शिक्षा, स्वास्थ्य और उद्योग के विकास के लिए जिम्मेदार सरकार बनाने पर जोर दिया। प्रियंका गांधी ने कहा कि मतदाता संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करते हुए प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य के लिए वोट करें।

    • 11 Nov 2025 08:32 AM (IST)

      सुपौल में बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन ने पत्नी के साथ डाला वोट

      बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में सुपौल जिले में मतदान जारी है। बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन अपने परिवार के साथ मतदान केंद्र पहुंचे और वोट डाला। उनके मतदान करने से स्थानीय मतदाताओं में उत्साह और लोकतांत्रिक जिम्मेदारी का संदेश गया। मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से चल रही है।

    • 11 Nov 2025 08:27 AM (IST)

      झाझा में बीजेपी विधायक श्रेयसी सिंह ने किया मतदान

      बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में जमुई जिले के झाझा विधानसभा क्षेत्र में मतदान जारी है। नयागांव स्थित बूथ नंबर 120 पर बीजेपी विधायक श्रेयसी सिंह ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। विधायक के मतदान करने से स्थानीय मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला। यह मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से चल रही है।

       

    • 11 Nov 2025 08:21 AM (IST)

      जहानाबाद में राहुल शर्मा और चंदेश्वर चंद्रवंशी आमने-सामने

      जहानाबाद विधानसभा सीट पर इस बार दो पूर्व सांसदों की राजनीतिक प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। पूर्व सांसद जगदीश शर्मा के बेटे राहुल शर्मा राजद से चुनाव मैदान में हैं। वहीं, पूर्व सांसद चंदेश्वर चंद्रवंशी स्वयं जेडीयू की ओर से उम्मीदवार हैं। राजद ने परंपरागत यादव वोट बैंक से भूमिहार उम्मीदवार को मैदान में उतारा है, जबकि जेडीयू ने अति पिछड़ा वर्ग से आते चंद्रवंशी पर भरोसा जताया है।

    • 11 Nov 2025 08:15 AM (IST)

      अररिया और सीतामढ़ी के बूथों पर ईवीएम खराब, मतदान में देरी

      बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में अररिया और सीतामढ़ी जिले के कुछ मतदान केंद्रों पर तकनीकी समस्या के कारण देरी हुई। अररिया के जोगबनी मिडिल स्कूल (बूथ 15), कोचगामा स्कूल (बूथ 34) और बगुआ (बूथ 37) में ईवीएम खराब होने के कारण वोटिंग प्रभावित हुई। सीतामढ़ी के बूथ संख्या 293 पर भी ईवीएम खराब होने से मतदान प्रक्रिया में बाधा आई। प्रशासन ने मतदाताओं से धैर्य बनाए रखने और इंतजार करने की अपील की है।

    • 11 Nov 2025 08:12 AM (IST)

      सुपौल और पूर्णिया के कई बूथों पर देर से शुरू हुआ मतदान

      बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में कुछ मतदान केंद्रों पर तकनीकी कारणों से देरी हुई। सुपौल शहर के वार्ड 19 के बूथ संख्या 187 पर मॉक पोल और सीलिंग में विलंब के कारण 20 मिनट बाद मतदान शुरू हुआ। इसी तरह पूर्णिया के भट्ठा बाजार स्थित मध्य विद्यालय के बूथ संख्या 89 पर भी मतदान देर से आरंभ हुआ। प्रशासन ने मतदाताओं को आश्वासन दिया कि खोए हुए समय की भरपाई अतिरिक्त समय देकर की जाएगी।

       

    • 11 Nov 2025 08:06 AM (IST)

      सुपौल में गोद में नन्हे बच्चों को लेकर वोट करने पहुंचीं महिलाएं

      बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज विधानसभा क्षेत्र में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर मतदान किया। बूथ संख्या 143 पर कई महिलाएं अपने नवजात बच्चों को गोद में लेकर वोट डालने पहुंचीं। लालपट्टी इलाके के मतदान केंद्रों पर महिलाओं की लंबी कतारें देखी गईं।

    • 11 Nov 2025 08:01 AM (IST)

      जमुई में वोटरों का उत्साह: सुबह 6 बजे से ही लगी लंबी कतारें

      बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में जमुई जिले में मतदान को लेकर जबरदस्त उत्साह दिखा। झाझा विधानसभा क्षेत्र के नयागांव में मतदाता सुबह 6 बजे से ही कतार में खड़े नजर आए। लोग मतदान शुरू होने से पहले ही मतदान केंद्र पर पहुंच गए थे। वहीं, चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।

    • 11 Nov 2025 07:54 AM (IST)

      पूर्णिया में दूसरे चरण की वोटिंग शुरू हो चुकी है

      बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में पूर्णिया जिले में मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिले की सात विधानसभा सीटों पर कुल 20 लाख 93 हजार 212 मतदाता वोट डाल रहे हैं। कुल 2553 मतदान केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्ण माहौल में जारी है। जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने कहा कि स्वतंत्र और भयमुक्त चुनाव के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

Patna: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे और अंतिम चरण का मतदान आज (मंगलवार) सुबह 7 बजे से शुरू हो गया है। इस चरण में 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर मतदाता अपने प्रतिनिधियों का चयन करेंगे। मतदान को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इससे पहले सोमवार को सभी मतदान केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) और अन्य संसाधन चुनाव कर्मियों की निगरानी में पहुंचा दिए गए। सुबह 5 से 6 बजे के बीच राजनीतिक दलों के एजेंटों की मौजूदगी में मॉक पोल की प्रक्रिया पूरी की गई।

दिल्ली में सोमवार रात हुए धमाके की खबर के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने बिहार में भी सतर्कता बढ़ा दी है। केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों की अतिरिक्त कंपनियां तैनात की गई हैं ताकि मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके। इस चरण में 12 मंत्रियों की साख दांव पर है, जिनमें कई बड़े चेहरे शामिल हैं।

पहले चरण में 6 नवंबर को 121 सीटों पर मतदान पूरा हो चुका है। दूसरे चरण में जिन प्रमुख जिलों में मतदान हो रहा है, उनमें पटना, दरभंगा, सिवान, भागलपुर, गया, और मुजफ्फरपुर शामिल हैं। चुनाव आयोग ने मतदाताओं से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की है। शाम 5 बजे तक मतदान प्रक्रिया चलेगी और इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों को सख्त निगरानी में स्ट्रॉन्ग रूम में जमा कराया जाएगा। देखते रहें पल-पल का लाइव अपडेट डाइनामाइट न्यूज पर।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 11 November 2025, 7:44 AM IST