हिंदी
बिहार विधानसभा चुनाव की मतगणना
Patna: बिहार विधानसभा चुनाव की मतगणना शुक्रवार 14 नवंबर को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। राज्यभर के सभी जिलों में इसके लिए पुख्ता सुरक्षा और प्रशासनिक इंतजाम किए गए हैं। पटना जिले में मतगणना AN कॉलेज परिसर में होगी, जहां जिला प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं।
राज्य में कुल 46 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। इनमें पटना का AN कॉलेज मुख्य केंद्र है। हर केंद्र पर EVM-स्ट्रॉन्गरूम की सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। मतगणना प्रक्रिया के लिए करीब 28,370 कर्मियों को तैनात किया गया है, जो गिनती और डेटा एंट्री का कार्य संभालेंगे। वहीं, पूरे राज्य में 4 लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी तीन-स्तरीय सुरक्षा में तैनात रहेंगे।
प्रत्येक मतगणना केंद्र पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF), राज्य पुलिस और जिला बल की तैनाती की गई है। मतगणना हॉल और स्ट्रॉन्गरूम को CCTV कैमरों से 24 घंटे मॉनिटर किया जा रहा है। पर्यवेक्षकों और माइक्रो ऑब्जर्वरों की टीम भी हर केंद्र पर मौजूद रहेगी ताकि प्रक्रिया में किसी तरह की गड़बड़ी न हो।
कितने केंद्रों पर होगी मतगणना?
पटना के जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस एम ने कहा कि मतगणना के दिन किसी भी प्रकार के विजय जुलूस की अनुमति नहीं होगी। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने चेतावनी दी कि आदर्श आचार संहिता 16 नवंबर तक प्रभावी रहेगी और इसके उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई होगी।
पटना प्रशासन ने मतगणना के सुचारू संचालन के लिए 14 नवंबर की सुबह 5 बजे से लेकर गिनती समाप्त होने तक विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। बोरिंग रोड चौराहा से एएन कॉलेज और मोहिनी मोड़ से सहदेव महतो मार्ग तक आम वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। पुलिस ने लोगों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है।
Bihar Assembly Elections: SIR की पहली ड्राफ्ट जारी, राजनीतिक दलों को सौंपी गई कॉपी
निर्वाचन अधिकारियों के मुताबिक, प्रत्येक चरण की गिनती पूरी होने के बाद फॉर्म-20 के माध्यम से परिणाम ऑनलाइन दर्ज किए जाएंगे। अंतिम नतीजे तभी घोषित होंगे जब सभी बूथों के परिणाम सत्यापित हो जाएंगे। आयोग ने पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रियल-टाइम अपडेट जारी करने की व्यवस्था की है।
प्रशासन ने मतदाताओं और राजनीतिक दलों से शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपील की है। जिला नियंत्रण कक्ष को 24 घंटे सक्रिय रखा गया है। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक 0612-2219810, 2219234 या डायल 112 पर संपर्क कर सकते हैं।
14 नवंबर को होने वाली मतगणना पर पूरे राज्य की निगाहें टिकी हैं। सुरक्षा, पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए आयोग और प्रशासन दोनों पूरी तरह सतर्क हैं।
Location : Patna
Published : 13 November 2025, 5:04 PM IST
Topics : Bihar Counting Centers Bihar Election Results 2025 Bihar Election Security Bihar Election Update Bihar Assembly Election
No related posts found.