बिहार विधानसभा बजट सत्र के पांचवें दिन विपक्ष ने पप्पू यादव गिरफ्तारी और NEET छात्रा मौत के मुद्दे को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। बजट चर्चा और सप्लीमेंट्री बजट पेशी के बीच सदन में तनावपूर्ण माहौल बन गया।

चनपटिया से कांग्रेस विधायक अभिषेक रंजन ने विधानसभा में किया प्रदर्शन
Patna: बिहार विधानसभा के बजट सत्र के पांचवें दिन सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही राजनीतिक तापमान बढ़ गया। विपक्षी दलों ने पूर्णिया सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी और NEET छात्रा की मौत के मुद्दे को लेकर सरकार को घेरते हुए विधानसभा पोर्टिको में जोरदार प्रदर्शन किया। नारेबाजी और बैनर थामे कांग्रेस विधायकों ने सरकार पर लोकतंत्र को कुचलने का आरोप लगाया।
कांग्रेस विधायकों का खास अंदाज
चनपटिया से कांग्रेस विधायक अभिषेक रंजन इस प्रदर्शन के दौरान चर्चा में रहे। उन्होंने ‘आज जेल होई, कल बेल होई, परसो से वही खेल होई’ लिखी टी-शर्ट पहनकर विधानसभा पहुंचे। अभिषेक ने कहा कि पप्पू यादव की गिरफ्तारी राजनीतिक बदले की कार्रवाई है और कांग्रेस पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ी है।
दिल्ली में 9 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, अभिभावकों में मचा हड़कंप; अलर्ट मोड में दिल्ली पुलिस
NEET छात्रा मौत पर भी सरकार पर दबाव
विपक्ष ने NEET छात्रा की मौत को लेकर भी सरकार की संवेदनहीनता पर सवाल उठाए। विधानसभा पोर्टिको में जोरदार नारेबाजी हुई और कुछ देर के लिए परिसर का माहौल तनावपूर्ण बन गया। कांग्रेस विधायक कमरुल होदा ने कहा कि बिहार में लोकतंत्र नहीं, बल्कि राजतंत्र चल रहा है और जो भी सरकार से सवाल पूछता है, उसे दबाने की कोशिश की जाती है।
बजट पर चर्चा और सप्लीमेंट्री बजट पेश
हंगामे के बीच आज सदन में बजट 2026-027 पर चर्चा की शुरुआत भी होनी है। इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 का तीसरा सप्लीमेंट्री बजट सदन के पटल पर रखा जाएगा। सभी वित्तीय कार्य सत्र के दूसरे हिस्से में निपटाए जाने हैं।
सदन में पहले भी रही गर्माहट
बजट सत्र के तीसरे और चौथे दिन भी सदन में गर्माहट देखी गई थी। तीसरे दिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बीच तीखी बहस हुई थी। चौथे दिन स्वास्थ्य मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी के बयान पर विपक्ष ने सरकार को तीखी आलोचना का सामना कराया।
नीतीश-तेजस्वी बहस ने बढ़ाया तनाव
राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तेजस्वी यादव पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि वे उनके समय की राजनीति से वाकिफ हैं। जवाब में तेजस्वी मुस्कुराते नजर आए, जिससे सदन का माहौल और गर्म हो गया।
आने वाले दिनों में टकराव बढ़ने की संभावना
पप्पू यादव की गिरफ्तारी, NEET छात्रा का मामला और बजट चर्चा इन तीनों मुद्दों ने साफ कर दिया है कि बिहार विधानसभा में राजनीतिक टकराव आने वाले दिनों में और तेज होने वाला है। विपक्ष सरकार को लगातार घेरे रखने के मूड में दिखाई दे रहा है।