
प्रतीकात्मक छवि (Img- Pinterest)
Bhagalpur: भागलपुर जिले के अमडंडा थाना क्षेत्र में एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने सोशल मीडिया पर सनसनी फैला दी। दरअसल, शाहकुंड थाना क्षेत्र के दो प्रेमी जोड़े बिना अपने परिजनों को बताए घर से प्रेम विवाह करने निकले थे। पहले वे सन्हौला स्थित एक मंदिर पहुंचे, लेकिन वहां भीड़ ज्यादा होने के कारण उन्होंने अपना रास्ता बदल लिया और अमडंडा के एक शांत ग्रामीण इलाके के शिव मंदिर की ओर रुख किया।
बदकिस्मती से जब वे वहां पहुंचे तो मंदिर का मुख्य दरवाजा बंद था। शांत जगह पर अनजान चेहरों को देखकर आसपास के ग्रामीण वहां जमा होने लगे।
ग्रामीणों ने जब चारों से पूछताछ शुरू की, तो घबराहट और डर के मारे दोनों युवक मौका देखकर वहां से फरार हो गए। इसके बाद दोनों युवतियां अकेली पड़ गईं। भीड़ ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया और सवाल-जवाब करने लगी। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया।
पूछताछ के नाम पर कुछ लोगों ने दोनों युवतियों के साथ अभद्रता, धक्का-मुक्की और बदसलूकी शुरू कर दी। हैरान करने वाली बात यह रही कि धक्का-मुक्की करने वालों में सिर्फ युवक ही नहीं, बल्कि बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे।
इस पूरी घटना का किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। जैसे ही वीडियो तेजी से वायरल हुआ, बिहार में महिला सुरक्षा के दावों पर सवाल उठने लगे और पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया।
भागलपुर के एसएसपी प्रमोद कुमार यादव के निर्देश पर अमडंडा थाने में केस दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए केमाचक गांव के रहने वाले रामप्रवेश यादव को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की पहचान के लिए गांव में छापेमारी कर रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने स्थिति साफ की। उन्होंने बताया कि यह वीडियो लगभग एक सप्ताह पुराना है। शुरुआती जांच, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और साक्ष्यों से यह स्पष्ट हुआ है कि यह मामला छेड़खानी का नहीं है, बल्कि संदिग्ध जानकर ग्रामीणों द्वारा की गई पूछताछ का है।
हालांकि, किसी को भी कानून हाथ में लेने या धक्का-मुक्की करने का अधिकार नहीं है। पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर सभी आरोपियों को चिन्हित कर सख्त कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Location : Bhagalpur
Published : 28 September 2026, 10:07 AM IST
Topics : Bhagalpur SSP Bhagalpur News Bihar News crime news