घर लौटते वक्त अचानक बदल गई अमन की किस्मत, बाइक के साथ हुआ कुछ ऐसा कि मच गया हड़कंप

वाल्मीकिनगर से बकाये रुपये का तगादा कर बाइक से घर लौट रहे अमन कुमार को क्या पता था कि रास्ते में उसका इंतजार एक दर्दनाक हादसा कर रहा है। चमैनिया मोड़ के पास अचानक हुई टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा भिड़ी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 18 September 2026, 4:09 PM IST

Bagaha: वाल्मीकिनगर से काम निपटाकर बाइक से घर लौट रहे 21 वर्षीय अमन कुमार सोनी के लिए गुरुवार की शाम आखिरी सफर साबित हुई। वाल्मीकिनगर-बगहा मुख्य मार्ग पर चमैनिया मोड़ के पास हुए सड़क हादसे में अमन की मौत हो गई। उसके साथ बाइक पर सवार राजा साह भी घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद बिगड़ा संतुलन

बताया जा रहा है कि अमन अपने दोस्त राजा साह के साथ बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान चमैनिया मोड़ के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना गंभीर था कि अमन को काफी चोटें आईं। वहीं राजा साह को भी चोट लगी। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी।

डायल 112 की टीम ने पहुंचाया अस्पताल

सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने दोनों घायलों को बगहा अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ. एसपी अग्रवाल ने जांच के बाद अमन को मृत घोषित कर दिया। वहीं राजा साह को आंशिक चोटें आई हैं और उसका स्थानीय स्तर पर इलाज कराया गया। घटना की जानकारी मिलते ही अमन के परिवार में मातम पसर गया।

ये भी पढ़ें- मंजू हत्याकांड: 20 साल बाद फैसला, ‘इसे नहीं मुझे मार डालो’ कहने वाली किशोरी की मौत में आरोपी को 5 साल कैद

बकाये रुपये का तगादा करने गया था अमन

परिजनों के मुताबिक अमन जूता-चप्पल की दुकान चलाता था। गुरुवार को वह दुकान के बकाये रुपये का तगादा करने अपने दोस्त राजा साह के साथ वाल्मीकिनगर गया था। काम पूरा करने के बाद दोनों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। अमन के पिता छोटे लाल सोनी ने बताया कि अमन परिवार का इकलौता भाई था और दो बहनों के बीच अकेला बेटा था। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी भी काफी हद तक उसी के कंधों पर थी।

इकलौते कमाऊ सदस्य की मौत से परिवार पर संकट

अमन की मौत की खबर जैसे ही परिजनों को मिली, घर में चीख-पुकार मच गई। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता के अनुसार अमन की मौत से परिवार ने अपना युवा सहारा खो दिया है। अचानक हुए इस हादसे ने परिवार के सामने भावनात्मक दुख के साथ आर्थिक परेशानी भी खड़ी कर दी है।

अज्ञात वाहन की तलाश में पुलिस

वाल्मीकिनगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार के अनुसार डायल 112 की टीम ने दोनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया था, जहां चिकित्सक ने अमन को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव से जुड़ी कागजी प्रक्रिया शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम की तैयारी की जा रही है।

ये भी पढ़ें- सास ने की दहेज के लिए जिंदा जलाने की कोशिश, KBC 18 की कंटेस्टेंट कपिला तनेजा की इस कहानी ने भर दीं बिग बी की आंखें

पुलिस के अनुसार मामला यातायात थाना से संबंधित है। परिजनों से आवेदन देने को कहा गया है। आवेदन मिलने के बाद मामले को यातायात थाना भेजा जाएगा। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की पहचान में जुटी है।

Location :  Bagaha

Published :  18 September 2026, 4:09 PM IST