एक तरफ 50 करोड़ की शादी, दूसरी तरफ 501 रुपये में सात फेरे; भोजपुर के इस परिवार ने जीत लिया लोगों का दिल

बिहार में एक तरफ अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शाही शादी में करोड़ों के खर्च, लग्जरी कारों और लाखों मेहमानों की चर्चा है, तो दूसरी तरफ भोजपुर के हरेंद्र सिंह ने महज 501 रुपये के शगुन में बिना दहेज शादी कर मिसाल पेश की है। जानिए दोनों शादियों की पूरी कहानी और क्यों चर्चा में है भोजपुर का यह विवाह।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 23 November 2026, 11:31 AM IST

Patna: बिहार में इन दिनों दो शादियों की चर्चा खूब हो रही है, लेकिन दोनों की तस्वीर बिल्कुल अलग है। एक शादी ऐसी है, जहां लग्जरी गाड़ियों का काफिला, करोड़ों का इंतजाम, लाखों मेहमानों की खातिरदारी और शाही ठाठ-बाट सुर्खियों में हैं। वहीं दूसरी शादी ऐसी है, जहां न दहेज की मांग हुई, न महंगी गाड़ियों का दिखावा और न ही लाखों रुपये खर्च करने की होड़। यहां महज 501 रुपये के शगुन में शादी की रस्में पूरी कर दी गईं।

भोजपुर में 501 रुपये के शगुन में हुई शादी

भोजपुर जिले के पीरो प्रखंड अंतर्गत शादी बाजार निवासी हरेंद्र सिंह ने अपनी शादी को यादगार बनाने के लिए किसी तरह का दिखावा नहीं किया। उनका विवाह बक्सर जिले के चरित्रवन धोबी घाट निवासी ब्रजकिशोर सिंह की बेटी शोभा कुमारी के साथ संपन्न हुआ। इस शादी की सबसे खास बात यह रही कि दोनों परिवारों ने दहेज और फिजूलखर्ची से दूरी बनाए रखी। विवाह के दौरान महज 501 रुपये का शगुन दिया गया और इसी के साथ शादी की सभी रस्में पूरी की गईं।

अनंत सिंह की बेटी के तिलक में शाही इंतजाम, घी के लड्डू, दूल्हे को रेंज रोवर और 400 गाड़ियों का काफिला

अनंत की बेटी की शादी में दिखेगा शाही अंदाज

दूसरी तरफ मोकामा के विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी अपने भव्य आयोजन को लेकर चर्चा में है। 25 नवंबर को होने वाले इस विवाह समारोह के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां किए जाने की बात सामने आई है। इस शादी में बिहार के अलावा देश के दूसरे हिस्सों से भी मेहमानों के पहुंचने की संभावना है। बताया जा रहा है कि समारोह में करीब चार लाख मेहमान शामिल हो सकते हैं। मेहमानों की खातिरदारी के लिए विशाल पंडाल तैयार किया जा रहा है। खाने के मेन्यू में 150 से अधिक व्यंजन रखे जाने की चर्चा है।

दामाद को डिफेंडर और बेटे को BMW देने की चर्चा

अनंत सिंह की बेटी की शादी में लग्जरी गाड़ियों को लेकर भी खूब चर्चा हो रही है। मीडिया रिपोर्ट्स और चर्चाओं के मुताबिक, दामाद को लैंड रोवर डिफेंडर और बेटे को BMW कार दिए जाने की बात कही जा रही है। पूरे आयोजन का अनुमानित बजट 40 से 50 करोड़ रुपये के बीच बताया जा रहा है। हालांकि, यह कोई आधिकारिक आंकड़ा नहीं है। अनंत सिंह की ओर से कहा गया है कि इस आयोजन में उनके दोस्तों और शुभचिंतकों का भी सहयोग है।

अनंत सिंह की बेटी की शाही शादी: जयमाला के लिए 100 फुटा मंच, 500 कारीगर और मनोरंजन के खास साधन

एक तरफ करोड़ों का खर्च, दूसरी तरफ दहेज से इनकार

इन दोनों शादियों की चर्चा के बीच सबसे बड़ा अंतर शादी के नजरिए को लेकर सामने आ रहा है। अनंत सिंह की बेटी की शादी अपनी भव्यता और बड़े आयोजन के कारण सुर्खियों में है, जबकि हरेंद्र सिंह की शादी अपनी सादगी और दहेज मुक्त व्यवस्था के कारण लोगों का ध्यान खींच रही है। यहां यह समझना जरूरी है कि किसी परिवार का अपनी खुशी के मुताबिक शादी पर खर्च करना अलग बात है, लेकिन दहेज के नाम पर किसी परिवार पर आर्थिक बोझ डालना बिल्कुल अलग मामला है।

Location :  Patna

Published :  23 November 2026, 11:31 AM IST