
अनंत सिंह की समधन ने काले चश्मे पर ली चुटकी
पटना: मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी की तैयारियों के बीच एक मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में अनंत सिंह की समधन उनके काले चश्मे और अंदाज पर ऐसी चुटकी लेती नजर आ रही हैं कि वहां मौजूद लोग अपनी हंसी नहीं रोक पाते। आमतौर पर अपने बेबाक अंदाज और दबंग छवि के लिए चर्चा में रहने वाले अनंत सिंह भी समधन के इस मजाकिया अंदाज के सामने मुस्कुराते नजर आ रहे हैं।
वायरल वीडियो में अनंत सिंह की समधन उनके काले चश्मे को देखकर भोजपुरी अंदाज में कहती सुनाई देती हैं, 'अनंत सिंह का यही है न जी, गोरे-गोरे मुखड़े पे काला-काला चश्मा।' इतना कहते ही वह खिलखिलाकर हंसने लगती हैं।
इसके बाद वह अनंत सिंह की चर्चित छवि को लेकर भी मजाकिया टिप्पणी करती हैं। समधन कहती हैं कि दूसरे लोग उनसे डरेंगे, लेकिन समधन क्यों डरेगी। वह यह भी बताती हैं कि 20 नवंबर को तिलक समारोह में उनकी मुलाकात होगी।
Ananat Singh: अनंत सिंह की बेटी शिवांगी और ऋषभ कुमार का प्यार कैसे चढ़ा परवान, इस तरह तय हुई शादी?
इस दौरान समधन का बेझिझक अंदाज और अनंत सिंह के साथ उनकी हंसी-मजाक वाली बातचीत लोगों को खूब पसंद आ रही है। यही वजह है कि शादी की तैयारियों के बीच यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
इधर, शनिवार को अनंत सिंह भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह के घर छठ का प्रसाद ग्रहण करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अपनी बेटी शिवांगी की शादी के लिए सभी को आमंत्रित किया।
घर से बाहर निकलने के बाद मीडिया से बातचीत में अनंत सिंह ने कहा, "25 तारीख को बेटी की शादी है, सभी आमंत्रित हैं। कार्ड की कोई जरूरत नहीं है। कोई भाई लोग छूट गया हो तो माफ करें, लेकिन सब लोग आइएगा।"
अनंत सिंह के इस खुले निमंत्रण की भी चर्चा हो रही है। उन्होंने साफ कहा कि शादी में आने के लिए किसी को निमंत्रण कार्ड की जरूरत नहीं है।
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को होनी है। उनकी शादी आर्मी ऑफिसर रणविजय कुमार के बेटे ऋषिकेश कुमार से तय हुई है। शादी को यादगार बनाने के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
समारोह में मेहमानों के भोजन से लेकर घुड़दौड़ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक की व्यवस्था की जा रही है। शादी के निमंत्रण को लेकर भी अनंत सिंह लगातार चर्चा में हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री समेत कई नेताओं को शादी का कार्ड भेजा है।
खास बात यह है कि बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को व्यक्तिगत रूप से निमंत्रण देने के लिए अनंत सिंह उनके आवास भी पहुंचे थे। अब शादी से पहले समधन के साथ उनका हंसी-मजाक वाला वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है।
Location : Mokama
Published : 15 November 2026, 10:00 AM IST
Topics : Anant Singh Samdhan Anant Singh Viral Video anant singh Rishikesh Kumar Shivangi Singh Wedding