हिंदी
मारुति सुजुकी बलेनो (सोर्स- Pinterest)
New Delhi: देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) अपनी लोकप्रिय प्रीमियम हैचबैक बलेनो का नया अवतार बाजार में उतारने की तैयारी कर रही है। ऑटो सेक्टर से सामने आ रही रिपोर्ट्स के मुताबिक, मारुति सुजुकी बलेनो फेसलिफ्ट (Maruti Suzuki Baleno Facelift) को इसी साल सितंबर के पहले हफ्ते में भारतीय बाजार में लॉन्च किया जा सकता है। लॉन्चिंग से पहले इस कार के प्रोटोटाइप को कई बार भारतीय सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान देखा जा चुका है, जिससे इसके नए बदलावों की कई जानकारियां सामने आई हैं।
टेस्टिंग के दौरान नजर आए मॉडल्स से संकेत मिलते हैं कि कार का कुल साइज और डाइमेंशन पहले जैसा ही रहेगा, लेकिन इसके लुक को और ज्यादा मॉडर्न बनाया गया है। कार के फ्रंट में एक नई और चौड़ी ग्रिल दी जा सकती है, जिसके साथ शार्प नए हेडलैंप्स और एक नया स्पोर्टी बंपर देखने को मिलेगा।
कार के साइड प्रोफाइल में ज्यादा बदलाव नहीं किया जाएगा, हालांकि इसे फ्रेश लुक देने के लिए नए डिजाइन के अलॉय व्हील्स जोड़े जा सकते हैं। वहीं, रियर सेक्शन में टेलगेट का डिजाइन लगभग समान रहने की उम्मीद है, लेकिन इसके टेललाइट्स को नए सिग्नेचर के साथ अपडेट किया जाएगा ताकि पीछे से भी यह एक नई कार नजर आए।
फिलहाल इंटीरियर की तस्वीरें पूरी तरह सामने नहीं आई हैं, लेकिन माना जा रहा है कि इसका केबिन पहले से ज्यादा प्रीमियम होगा। कंपनी इसमें नई इंटीरियर थीम और बेहतर क्वालिटी की अपहोल्स्ट्री का इस्तेमाल कर सकती है। कंफर्ट को और बढ़ाने के लिए इसमें बड़ी टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट यूनिट और वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स जैसे फीचर्स मिल सकते हैं।
सबसे खास बात यह है कि मारुति अपनी इस गाड़ी में सुरक्षा के लिहाज से बहुत बड़ा कदम उठा सकती है। हाल ही में फ्रॉन्क्स फेसलिफ्ट की टेस्टिंग के दौरान लेवल 2 ADAS (एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम) यूनिट को देखा गया है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि कंपनी बलेनो फेसलिफ्ट में भी यह एडवांस्ड सेफ्टी टेक्नोलॉजी दे सकती है, जो इस सेगमेंट की कार के लिए एक गेम-चेंजर साबित होगी।
पावरट्रेन की बात करें तो, कार में मौजूदा इंजन विकल्पों के साथ-साथ एक बड़ा और किफायती अपडेट देखने को मिल सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, मारुति सुजुकी इस प्रीमियम हैचबैक में नया स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इंजन विकल्प पेश कर सकती है।
इस नई तकनीक के तहत कार में एक इलेक्ट्रिक मोटर के साथ 1.2-लीटर का पेट्रोल इंजन दिया जा सकता है। इस नए हाइब्रिड सेटअप के जुड़ने से न सिर्फ कार का परफॉर्मेंस बेहतर होगा, बल्कि इसकी फ्यूल इकॉनमी यानी माइलेज भी पहले के मुकाबले काफी ज्यादा बढ़ जाएगी, जो भारतीय ग्राहकों को सबसे ज्यादा आकर्षित करेगी।
Location : New Delhi
Published : 14 August 2026, 11:41 AM IST