हिंदी
Kinetic DX Plus (Image: Social Media)
New Delhi: इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर मार्केट में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए काइनेटिक ने बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने अपने लोकप्रिय DX इलेक्ट्रिक स्कूटर लाइनअप का विस्तार करते हुए नया Kinetic DX+ वेरिएंट लॉन्च कर दिया है। यह स्कूटर बड़ी बैटरी और ज्यादा रेंज के साथ आता है। कंपनी का दावा है कि यह उसके पोर्टफोलियो में अब तक का सबसे ज्यादा रेंज देने वाला इलेक्ट्रिक स्कूटर है। काइनेटिक की इलेक्ट्रिक स्कूटर सेगमेंट में एंट्री के बाद सबसे बड़ी चुनौती इसकी रेंज को लेकर थी। अब कंपनी ने इसी कमी को दूर करने के लिए ज्यादा क्षमता वाली बैटरी के साथ नया मॉडल पेश किया है।
नए Kinetic DX+ में 3.1kWh की बैटरी दी गई है। कंपनी के मुताबिक, यह स्कूटर IDC क्लेम्ड रेंज के तौर पर 132 किलोमीटर तक चल सकता है। इससे पहले कंपनी के टॉप वेरिएंट में 2.6kWh बैटरी पैक मिलता था। बड़ी बैटरी के कारण नए मॉडल में रेंज को बेहतर किया गया है। कंपनी का लक्ष्य इस स्कूटर को भारतीय बाजार के साथ-साथ ग्लोबल मार्केट में भी उतारना है। काइनेटिक DX को 7 देशों में एक्सपोर्ट करने की तैयारी भी चल रही है।
Kinetic DX+ में सिर्फ बड़ी बैटरी ही नहीं बल्कि नया डीट्यून्ड मोटर भी दिया गया है। यह मोटर 3.8kW की पीक पावर जनरेट करता है। वहीं पुराने DX मॉडल में 4.78kW पीक पावर वाला मोटर मिलता है। कंपनी ने पावर को थोड़ा कम करके रेंज बढ़ाने पर फोकस किया है। इसी वजह से नए वेरिएंट में करीब 27 किलोमीटर तक ज्यादा रेंज मिलती है।
मिलेंगे ये एडवांस फीचर्स
Kinetic DX+ में राइडर्स को कई आधुनिक फीचर्स दिए गए हैं। इसमें मेटैलिक बॉडी, एलईडी लाइटिंग, 8.8 इंच का LCD इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, 37 लीटर का बड़ा बूट स्पेस और कीलेस गो जैसे फीचर्स शामिल हैं। इसके अलावा स्कूटर में पासवर्ड बेस्ड इग्निशन, क्रूज कंट्रोल, फ्रंट डिस्क ब्रेक और दो राइडिंग मोड्स दिए गए हैं। हालांकि, इस वेरिएंट में टर्बो मोड नहीं मिलेगा, जबकि यह फीचर बेस DX मॉडल में उपलब्ध है। नए Kinetic DX+ को रेड, ब्लू, ब्लैक, ग्रे और व्हाइट कलर ऑप्शन में खरीदा जा सकता है।
काइनेटिक DX के 2.6kWh बैटरी वाले वेरिएंट की एक्स शोरूम कीमत 1,11,499 रुपये है। वहीं DX+ के 2.6kWh वेरिएंट की कीमत 1,21,174 रुपये रखी गई है। कंपनी के नए 3.1kWh बैटरी वाले Kinetic DX+ वेरिएंट की एक्स शोरूम कीमत 1,27,650 रुपये है। ज्यादा रेंज और नए फीचर्स के साथ यह स्कूटर इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर सेगमेंट में कंपनी की स्थिति मजबूत करने की कोशिश करेगा।
Location : New Delhi
Published : 8 September 2026, 8:35 PM IST
Topics : Electric Scooter EV Scooter India Kinetic DX Plus Kinetic Electric Scooter New Electric Vehicle
No related posts found.