डेरा सच्चा प्रमुख राम रहीम के विवाद की पूरी कहानी और आरोप..

डीएन ब्यूरो

यौन शोषण के मामले में सीबीआई की विशेष अदालत में बाबा राम रहीम पर फैसला आना है लेकिन यह उन पर पहला और एकमात्र आरोप नहीं है। बाबा राम रहीम पर कई और आरोप भी हैं। डाइनामाइट न्यूज़ की इस खास रिपोर्ट में हम आपको बताने जा रहे हैं कि कौन है बाबा राम रहीम और क्या हैं उनपर पर 5 बड़े आरोप..

बाबा राम रहीम
बाबा राम रहीम


नई दिल्ली: शुक्रवार को गुरमीत बाबा राम रहीम पर साध्वी के यौन शोषण के मामले में सीबीआई की विशेष अदालत में फैसला आना है, लेकिन बाबा राम रहीम पर ये पहला और एकमात्र आरोप नहीं है। गुरमीत बाबा राम रहीम पर कई और आरोप भी हैं, जिनकी वजह से वह विवादों में रहे हैं। डाइनामाइट न्यूज़ की इस खास रिपोर्ट में हम आपको बताने जा रहे हैं कि कौन है बाबा राम रहीम और क्या हैं उनपर पर 5 बड़े आरोप..

कौन हैं बाबा राम रहीम

बाबा राम रहीम का जन्म राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के गुरुसर मोदिया के जाट सिख परिवार में 1967 को हुआ था। गुरमीत राम रहीम की मां का नाम नसीब कौर इंसान है। जब वह सात साल के थे तत्कालीन डेरा प्रमुख शाह सतनाम सिंह जी ने उनको यह नाम दिया। 1990 में बाबा राम रहीम ने डेरा सच्चा सौदा की गद्दी संभाली थी और डेरा प्रमुख बनने के बाद गुरमीत सिंह का नाम संत गुरमीत राम रहीम सिंह इंसां हो गया।

यह भी पढ़ें: राम रहीम पर फैसला कल: पंजाब-हरियाणा में हाई अलर्ट

5 बड़े आरोप डेरा प्रमुख बाबा गुरमीत राम रहीम पर

बाबा बनने के बाद शुरुआत में सब ठीक रहा लेकिन कुछ ही सालों में राम रहीम पर गंभीर आरोप लगने लगे। किसी ने यौन शोषण का आरोप लगाया तो किसी ने साधुओं को नपुंसक बनाने जैसा गंभीर आरोप। जानिए क्या 5 बड़े आरोप हैं बाबा राम रहीम पर..

1. यौन शोषण का आरोप

करीब पंद्रह साल पहले डेरा की एक साध्वी ने पीएमओ को चिट्ठी लिख कर बाबा राम रहीम की शिकायत की थी। साध्वी ने खुद और आश्रम की दूसरी साध्वियों के साथ यौन शोषण का आरोप लगाया था। इस मामले में पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में अर्जी दाखिल की गई थी।

2. डेरा के साधुओं को नपुंसक बनाने का आरोप

डेरा सच्चा सौदा से जुड़े रहे साधु हंसराज चौहान ने 17 जुलाई 2012 को हाईकोर्ट में याचिका दायर कर डेरा प्रमुख पर 400 साधुओं को नपुंसक बनाने का आरोप लगाया था। आरोप है कि डेरा प्रमुख के इशारे पर डॉक्टरों की टीम साधुओं को नपुंसक बनाती है और भगवान के दर्शन होने की बात कही जाती है। चौहान ने कोर्ट में 166 साधुओं के नाम के साथ पूरी जानकारी पेश की थी।

3. पत्रकार पर जानलेवा हमला और मौत का आरोप

24 अक्टूबर, 2002 को सिरसा के सांध्य दैनिक 'पूरा सच' के संपादक रामचन्द्र छत्रपति को घर के बाहर गोलियां मारी गईं, आरोप डेरा पर लगा।

4. डेरा प्रेमी ने चलाई गोली

7 मई 2007 को सुनाम में प्रदर्शन कर रहे सिखों पर गोली चला दी गई। आरोप डेरा प्रेमी पर लगा। इस घटना में सिख युवक कोमल सिंह की मौत हो गई। इसके बाद सिख जत्थेबंदियों ने डेरा प्रमुख की गिरफ्तारी को लेकर आंदोलन किया।

5. जज को धमकी देने का आरोप

31 जुलाई 2007 को सीबीआई ने हत्या मामलों और साध्वी यौन शोषण मामले में जांच पूरी कर न्यायालय में चालान दाखिल कर दिया। सीबीआई ने तीनों मामलों में डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह को मुख्य आरोपी बनाया। कोर्ट ने डेरा प्रमुख को 31 अगस्त तक अदालत में पेश होने के आदेश जारी कर दिया। इस बीच सीबीआई के विशेष जज को भी धमकी भरा लेटर मिला जिसके चलते उन्हें सुरक्षा मांगनी पड़ी।










संबंधित समाचार